मैड्रिड। स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर ने भारी तबाही मचा दी। टोलेडो प्रांत में हुए इस हादसे में कम से कम 64 लोगों की मौत की खबर है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर के बाद ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरकर तटबंध से नीचे जा गिरे। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। बचावकर्मी क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
स्थानीय समयानुसार बुधवार सुबह 8:54 बजे उर्दा रेलवे स्टेशन के पास यह दुर्घटना हुई। हादसे में रेनफे एवीई और निजी कंपनी इर्यो की हाई-स्पीड ट्रेनें शामिल थीं। सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकलकर्मियों, नागरिक सुरक्षा दलों और चिकित्सा टीमों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन मेडिकल हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए।
दोनों ट्रेनों में 544 यात्री सवार थे
स्पेन के समाचार पत्र ‘एल पाइस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, कैस्टिला-ला मांचा की क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पडिला ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री सवार थे। इर्यो ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु, जबकि रेनफे ट्रेन में 397 यात्री सवार थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, हादसे में कम से कम 64 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।
पीछे से टक्कर लगने की आशंका
दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, शुरुआती संकेतों से आशंका है कि रेनफे एवीई ट्रेन ने इर्यो ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। इसके चलते इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर तटबंध से नीचे गिर गए। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हाई स्पीड रेल सेवाएं निलंबित
हादसे के बाद मैड्रिड और आंदालुसिया के बीच हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर परिचालन रोक दिया गया। बुधवार सुबह 8:54 बजे से इस मार्ग पर रेल सेवाएं बाधित हैं। दुर्घटना का असर मध्यम दूरी की हाई-स्पीड रेल सेवाओं पर भी पड़ा है।
रेल कंपनी इर्यो ने कहा कि उसने सभी आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए हैं और राहत कार्यों के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। वहीं, रेनफे ने मैड्रिड, स्यूदाद रियल और आंदालुसिया के बीच रेल सेवाएं निलंबित होने की जानकारी दी है। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और ट्रेन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।


