हरदा। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की अवैध शराब से भरे ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। हरदा में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध शराब कारोबार को कांग्रेस नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने मांग की कि मामले में आरोपी राहुल जायसवाल और उसके भाई मनीष जायसवाल की पूरी संपत्ति राजसात कर नीलाम की जाए और उससे मिलने वाली राशि शहीद TI के परिवार को दी जाए।
प्रेसवार्ता में कमल पटेल ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि देवास जिले में हंडिया होते हुए खातेगांव की ओर जा रहे अवैध शराब से भरे ट्रक की सूचना पुलिस अधिकारियों को मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ट्रक का पीछा किया, लेकिन चालक ने कथित तौर पर उनके ऊपर ट्रक चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई और आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गया।
राहुल जायसवाल को कांग्रेस नेताओं का करीबी बताया
पूर्व मंत्री पटेल ने आरोप लगाया कि ट्रक में भरी शराब कांग्रेस नेता कमलनाथ के करीबी जायसवाल परिवार की थी। उन्होंने टिमरनी निवासी राहुल जायसवाल को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का करीबी बताते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पटेल ने कहा कि कांग्रेस को शहीद TI के परिवार से माफी मांगनी चाहिए और दोषियों की संपत्ति जब्त कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलानी चाहिए।
राहुल और मनीष जायसवाल की संपत्ति नीलाम करने की मांग
कमल पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की कि राहुल जायसवाल और उसके भाई मनीष जायसवाल की संपत्ति की जांच कर अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति को राजसात किया जाए। उन्होंने कहा कि हरदा पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद भी दोषियों की संपत्ति राजसात कर पीड़ितों को सहायता देने की मांग उठाई गई थी। उसी तर्ज पर खातेगांव TI हत्याकांड के पीड़ित परिवार को भी संपत्ति नीलाम कर प्राप्त राशि दी जानी चाहिए, ताकि शहीद की पत्नी और बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने आरोपियों की गिरफ्तारी करवाई है। उन्होंने बताया कि सरकार ने शहीद TI के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को सब इंस्पेक्टर बनाने की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस दौरान उन्होंने हरदा विधायक डॉ. आर.के. दोगने पर भी निशाना साधा। पटेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक एक करोड़ रुपये की सहायता के बजाय दो करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक को आरोपियों की संपत्ति जब्त कर शहीद परिवार को सहायता दिलाने की मांग करनी चाहिए थी।


