हरदा। हरदा जिले के सिरकंबा गांव के पास खेत में अज्ञात आरोपियों द्वारा कृष्ण मृग का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बंदूक से गोली मारकर काले हिरण की हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे ग्रामीण मजदूर मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी घटनास्थल से फरार हो चुके थे।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही हंडिया वन परिक्षेत्र अधिकारी सीएस भिलाला वन विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर काले हिरण का शव बरामद किया गया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी सीएस भिलाला ने मीडिया को बताया कि काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी। मौके पर पहुंचने पर हिरण का शव मिला। अज्ञात आरोपी घटना के बाद फरार हो गए हैं। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार मृत हिरण का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। इसके बाद नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल
हरदा जिले में संरक्षित वन्यजीव कृष्ण मृग के शिकार की इस घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वन विभाग गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें कब तक गिरफ्तार करता है।


