मुंबई। अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अब बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। वह अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। खास बात यह है कि यह फिल्म यशवर्धन की भी डेब्यू फिल्म होगी। बताया जा रहा है कि फिल्म सितंबर में रिलीज हो सकती है और इसे एकता कपूर के प्रोजेक्ट के तहत बनाया जा रहा है।
सुनीता आहूजा ने खुद की पुष्टि
एक इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने अपने फिल्मी डेब्यू की पुष्टि करते हुए कहा कि वह बेटे यश के साथ एक फिल्म कर रही हैं, जो सितंबर में रिलीज के लिए तैयार है। उन्होंने एकता कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ उनका अच्छा रिश्ता है और इसी वजह से उन्होंने पहले नेटफ्लिक्स का एक शो भी किया था।
फिल्म में निभाएंगी बेटे की मां का किरदार
सुनीता आहूजा ने बताया कि फिल्म में भी वह यशवर्धन आहूजा की मां की भूमिका निभा रही हैं। उनका कहना है कि शायद हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में पहली बार किसी रियल लाइफ मां-बेटे की जोड़ी को एक साथ लॉन्च किया जा रहा है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि जिस तरह उन्होंने वर्षों तक गोविंदा को प्यार दिया, उसी तरह उनके बेटे को भी अपना समर्थन दें।
हॉरर ड्रामा हो सकती है फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में ‘लापता लेडीज’ फेम नितांशी गोयल भी नजर आ सकती हैं। इससे पहले खबरें आई थीं कि निर्देशक साजिद खान एकता कपूर के बैनर तले एक हॉरर-ड्रामा फिल्म बना रहे हैं, जिससे यशवर्धन आहूजा बॉलीवुड में डेब्यू करेंगे। हालांकि फिल्म के शीर्षक और आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा अभी नहीं की गई है।
‘लॉकअप’ शो से बाहर हुई थीं सुनीता
हाल ही में सुनीता आहूजा ने रियलिटी शो ‘लॉकअप’ बीच में छोड़ दिया था। उन्होंने बताया था कि डायबिटीज नियंत्रण में न होने और मेनोपॉज से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें शो छोड़ने का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि लगातार दर्द और सांस लेने में परेशानी के चलते वह आगे शूटिंग जारी नहीं रख सकीं।


