मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) में बड़ी टूट की अटकलें तेज हो गई हैं। परिसीमन विधेयक पर शरद पवार के समर्थन के ऐलान के बाद पार्टी के भीतर असंतोष उभरने की खबरें हैं। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में पार्टी के आठ सांसदों में से पांच सांसद पवार के फैसले से सहमत नहीं हैं और कांग्रेस में शामिल होने की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
रिपोर्टस के अनुसार, कांग्रेस ने NCP (शरदचंद्र पवार) के असंतुष्ट सांसदों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। कांग्रेस की रणनीति है कि यदि शरद पवार बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन के करीब जाते हैं, तो उनके साथ असहज महसूस कर रहे सांसदों को अपने पाले में लाया जाए।
व्हिप के चलते सांसदों ने रोके कदम
रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी से नाराज सांसद फिलहाल खुलकर बगावत करने से बच रहे हैं। इसकी प्रमुख वजह दल-बदल विरोधी कानून और पार्टी का व्हिप बताया जा रहा है। NCP-SP के मुख्य सचेतक अमोल कोल्हे परिसीमन विधेयक पर पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए व्हिप जारी कर चुके हैं। ऐसे में व्हिप का उल्लंघन करने पर सांसदों की सदस्यता पर खतरा पैदा हो सकता है।
सूत्रों का दावा है कि कुछ सांसद विधेयक के पक्ष में मतदान करने के बाद कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं। कांग्रेस के एक नेता के हवाले से यह भी कहा गया है कि दो सांसद लोकसभा की सदस्यता छोड़कर उपचुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। हालांकि, इन राजनीतिक दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
NCP-SP के लोकसभा में आठ सांसद
शरद पवार की पार्टी के लोकसभा में कुल आठ सांसद हैं। इनमें उनकी बेटी सुप्रिया सुले भी शामिल हैं। ये सांसद है-सुप्रिया सुले (बारामती), अमोल कोल्हे (शिरूर), बजरंग सोनवणे ( बीड), सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे (भिवंडी), भास्कर भागरे (डिंडोरी), धैर्यशील मोहिते पाटिल (माढ़ा), नीलेश लंके (अहमदनगर) और अमर काले (वर्धा)।
रोहित पवार की नाराजगी से बढ़ी राजनीतिक हलचल
परिसीमन विधेयक पर शरद पवार के रुख के बाद पार्टी के भीतर मतभेदों की खबरें भी सामने आ रही हैं। विधायक रोहित पवार के नाराज होने की चर्चा है। इसके अलावा पार्टी के कुछ पदाधिकारियों के इस्तीफे की खबरों ने भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ वरिष्ठ नेता अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में हैं।
महाराष्ट्र में बदल सकते हैं सियासी समीकरण
NCP-SP के आठ में से पांच सांसदों के पार्टी छोड़ने की अटकलों ने महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों की संभावना पैदा कर दी है। यदि यह राजनीतिक घटनाक्रम आगे बढ़ता है, तो इसका असर महाविकास आघाड़ी की एकजुटता पर भी पड़ सकता है। हालांकि, सांसदों के पार्टी छोड़ने या कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में शरद पवार की अगली रणनीति और पार्टी के भीतर असंतुष्ट नेताओं का रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


