इंदौर। जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामले में पांच साल तक शासन की ओर से जवाब पेश नहीं किए जाने पर इंदौर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने उज्जैन में पदस्थ रहे छह तहसीलदारों पर कुल 60 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। साथ ही जुर्माने की राशि सात दिन के भीतर मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
मामले की सुनवाई जस्टिस संदीप भट्ट की पीठ में हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि वर्ष 2021 से लंबित इस मामले में शासन की ओर से पांच साल तक कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों के रवैये को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना। पीठ ने टिप्पणी की कि जवाब पेश करने में इतनी लंबी देरी से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि 60 हजार रुपये के अर्थदंड की वसूली वर्ष 2021 से 2026 के बीच संबंधित पदों पर रहे अधिकारियों से समान रूप से की जा सकती है। अधिकारियों को सात दिन के भीतर पूरी राशि जमा करनी होगी।
समिति ने उठाया अवैध कब्जे का मामला
यह मामला उज्जैन की राजस्व कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी समिति की याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता संस्था का आरोप है कि उसकी जमीन पर अवैध कब्जा होने के बावजूद प्रशासन उसे हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। समिति के अनुसार, पूर्व में तहसीलदार की ओर से कब्जा हटाने का स्पष्ट आदेश भी जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर आदेश का पालन नहीं कराया गया।
मामले में पांच साल तक जवाब दाखिल नहीं होने पर हाईकोर्ट ने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए अर्थदंड लगाने का आदेश दिया है।


