नई दिल्ली। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2027-28 से पढ़ाई का स्वरूप बदलने जा रहा है। करीब 12 साल बाद एनआईओएस पहली से 12वीं कक्षा तक अपना पूरा पाठ्यक्रम बदलने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत सभी 86 विषयों की नई किताबें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ) 2022 और एनसीईआरटी के अनुरूप तैयार की जाएंगी। खास बात यह है कि ये किताबें 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होंगी।
पाठ्यक्रम में बदलाव के साथ परीक्षा और मूल्यांकन प्रणाली में भी संशोधन किया जाएगा। इसके लिए स्कीम ऑफ स्टडी और स्कीम ऑफ असेसमेंट के नए नियम बनाए जा रहे हैं। स्कीम ऑफ स्टडी के तहत विद्यार्थियों के सीखने के परिणाम, भाषा, दक्षता और शैक्षणिक स्तर पर ध्यान दिया जाएगा। वहीं, स्कीम ऑफ असेसमेंट में मूल्यांकन के विभिन्न घटक निर्धारित किए जाएंगे।
2014 के बाद पहली बार बदलेगा पूरा पाठ्यक्रम
एनआईओएस के अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश मिश्रा के अनुसार, वर्ष 2014 के बाद अब संस्थान का पूरा पाठ्यक्रम बदला जा रहा है। पहली से 12वीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम को नए सिरे से तैयार करने के लिए समितियों का गठन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि सामान्य शैक्षणिक पाठ्यक्रम एनईपी 2020, एनसीएफ 2022 और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के अनुरूप तैयार होगा। वहीं, व्यावसायिक पाठ्यक्रम को नेशनल क्रेडिट एंड क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनसीक्यूएफ) 2023 के आधार पर विकसित किया जाएगा।
फरवरी-मार्च तक आएंगी पहली से आठवीं की किताबें
नई पाठ्यपुस्तकों को दो चरणों में जारी किया जाएगा। पहले चरण में पहली से आठवीं कक्षा तक की किताबें तैयार की जाएंगी, जो फरवरी-मार्च 2027 तक उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसके बाद नौवीं से 12वीं कक्षा तक की नई किताबें शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले जारी की जाएंगी।
एनआईओएस का पाठ्यक्रम नियमित स्कूलों से अलग होता है, क्योंकि इसके विद्यार्थी प्रतिदिन कक्षाओं में उपस्थित होकर पढ़ाई नहीं करते। ऐसे में यहां की अध्ययन सामग्री को स्व-अध्ययन के अनुकूल बनाया जाता है। किताबों में शिक्षक और विद्यार्थी के बीच संवाद जैसी शैली अपनाई जाती है, ताकि छात्र बिना नियमित कक्षा के भी विषयों को आसानी से समझ सकें।
संस्थान के सभी 86 विषयों की पुस्तकें 22 भारतीय भाषाओं में तैयार की जाएंगी।
12वीं में आयुर्वेद भी पढ़ सकेंगे विद्यार्थी
नए पाठ्यक्रम में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को आयुर्वेद विषय पढ़ने का विकल्प भी मिलेगा। इसमें उन्हें आयुर्वेद की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य स्कूली स्तर पर ही विद्यार्थियों को विभिन्न ज्ञान और रोजगार के क्षेत्रों से परिचित कराना है।
इसके अलावा नौवीं से 12वीं कक्षा तक ऐसे व्यावसायिक और कौशल आधारित विषय शामिल किए जाएंगे, जिनकी बाजार में मांग है। इनमें एक साल के कौशल प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी होंगे। इससे विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के लिए जरूरी कौशल हासिल करने का अवसर मिलेगा।


