वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्वी हिस्से में थैंक्सगिविंग के दौरान आए भीषण तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तूफान के कारण 7.24 लाख से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई, कई इलाकों में बाढ़ आ गई और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं, भारी बारिश और बर्फबारी के चलते सड़क और हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। छुट्टियों के दौरान यात्रा कर रहे लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, मिसौरी से न्यूयॉर्क तक फैले तूफान का सबसे ज्यादा असर मिड-अटलांटिक और पूर्वोत्तर अमेरिका में देखने को मिला। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं, जबकि मिडवेस्ट के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी हुई। कई तटीय इलाकों में जलस्तर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। आपातकालीन सेवाओं की टीमें बाढ़ और तूफान से हुए नुकसान से निपटने में जुटी रहीं।
वर्जीनिया और मैरीलैंड में सबसे ज्यादा बिजली गुल
तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में वर्जीनिया, मैरीलैंड और मिसौरी शामिल रहे। सीएनएन की ओर से उद्धृत पावरआउटेज डॉट यूएस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्जीनिया में 2 लाख से अधिक ग्राहकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मैरीलैंड में 1.50 लाख से ज्यादा और मिसौरी में करीब 1.29 लाख ग्राहक बिजली संकट से प्रभावित हुए। मिसौरी में रातभर हुई बर्फबारी से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं।
इसके अलावा पेंसिल्वेनिया में 70 हजार से अधिक और न्यू जर्सी में 60 हजार से ज्यादा ग्राहकों के घरों की बिजली गुल हो गई। नॉर्थ कैरोलिना, इलिनॉय और डेलावेयर में भी तूफान का असर देखने को मिला।
तेज हवाओं से कमोडोर बैरी ब्रिज बंद
तूफान के कारण पेंसिल्वेनिया और न्यू जर्सी को जोड़ने वाले प्रमुख कमोडोर बैरी ब्रिज को भी बंद करना पड़ा। तेज हवाओं ने पुल की ट्रैफिक लेन के ऊपर बने निर्माण कार्य से जुड़े प्लेटफॉर्म को काफी नुकसान पहुंचाया। डेलावेयर रिवर पोर्ट अथॉरिटी (डीआरपीए) के मुताबिक, क्षतिग्रस्त प्लेटफॉर्म के कारण पुल से वाहनों की आवाजाही असुरक्षित हो गई थी।
उस दौरान इलाके में 50 से 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। अथॉरिटी ने कहा कि मौसम और हालात सुरक्षित होने के बाद मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। पुल को जल्द से जल्द और सुरक्षित तरीके से दोबारा खोलने की कोशिश की जाएगी।
6 हजार उड़ानों में देरी, 150 रद्द
तूफान ने हवाई यातायात को भी प्रभावित किया। सीएनएन के मुताबिक, बुधवार को अमेरिका में 6 हजार से अधिक उड़ानों में देरी हुई, जबकि करीब 150 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। तेज हवाओं, भारी बारिश और तटीय इलाकों में बाढ़ की चेतावनी के चलते हवाई यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं।
मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक कार्गो विमान रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के अनुसार, थैंक्सगिविंग की नौ दिवसीय अवधि में 4.17 लाख से अधिक उड़ानें संचालित होने का अनुमान है। इसे पिछले 16 वर्षों की सबसे व्यस्त थैंक्सगिविंग हवाई यात्रा अवधि माना जा रहा है।
मोंटगोमरी काउंटी में 300 से ज्यादा आपातकालीन कॉल
तूफान के चलते मैरीलैंड की मोंटगोमरी काउंटी में गुरुवार सुबह तक आपातकालीन सेवाओं को 300 से अधिक कॉल मिलीं। इनमें घरों पर पेड़ गिरने की दर्जनों घटनाएं शामिल थीं। फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक बड़ा पेड़ मकान के हिस्से पर गिरा दिखाई दिया। राहत की बात रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
हालांकि, कुछ अन्य घटनाओं में बचाव दल को अभियान चलाना पड़ा। एक मामले में पेड़ गिरने से लोग अपने ही घर के अंदर फंस गए थे।
न्यूयॉर्क में बाढ़, मेयर ममदानी ने दी जानकारी
न्यूयॉर्क शहर में भी बाढ़ के कारण कई जगह बचाव अभियान चलाने पड़े। मेयर जोरान ममदानी ने बताया कि बाढ़ के पानी में अपनी कारों के भीतर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। तूफान के कारण बिजली, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित होने से अमेरिका के कई राज्यों में सामान्य जनजीवन पटरी से उतर गया।


