नई दिल्ली। जनगणना 2027 में जाति संबंधी आंकड़े जुटाने, उनके सत्यापन और व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। अदालत ने केंद्र और जनगणना संचालन निदेशालय को एक सप्ताह के भीतर इस संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और जरूरी दस्तावेज रिकॉर्ड पर पेश करने का निर्देश दिया है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने गुरुवार को यह आदेश दिया। केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को संबंधित एसओपी उपलब्ध कराने की जानकारी दी थी। इस पर पीठ ने एक सप्ताह के भीतर दस्तावेज पेश करने को कहा।
12 अक्टूबर को भी दिया था निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले 12 अक्टूबर को सॉलिसिटर जनरल को जनगणना के लिए अपनाई जा रही मानक संचालन प्रक्रियाएं रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश दिया था। अदालत ने केंद्र के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड और सॉलिसिटर जनरल कार्यालय को याचिका से संबंधित पेपर बुक का पूरा सेट उपलब्ध कराने को भी कहा था।
जाति संबंधी आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया पर सवाल
यह मामला आकाश गोयल की याचिका से जुड़ा है। याचिका में 14 अगस्त 2026 को जारी जनगणना संबंधी अधिसूचना के तहत जाति की जानकारी एकत्र करने और उसका सत्यापन करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं।
याचिकाकर्ता ने मांग की है कि सरकार जाति संबंधी जानकारी दर्ज करने और उसकी पुष्टि करने की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करे। इसके साथ ही परिवार अनुसूची (हाउसहोल्ड शेड्यूल) और इस संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का विवरण भी उपलब्ध कराया जाए। याचिका में व्यक्तिगत आंकड़ों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के उपाय स्पष्ट करने की मांग की गई है।
जाति प्रमाण-पत्रों की प्रामाणिकता जांचने की मांग
याचिका में ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनाने की मांग की गई है, जिसके तहत लोगों के उपलब्ध सरकारी जाति प्रमाण-पत्रों का विवरण दर्ज किया जा सके। साथ ही सक्षम अधिकारियों के माध्यम से इन प्रमाण-पत्रों की प्रामाणिकता का सत्यापन भी किया जाए।
याचिकाकर्ता ने यह भी मांग की है कि जनगणना 2027 में जुटाए जाने वाले जाति संबंधी आंकड़ों को आरक्षण नीतियां बनाने या उनमें बदलाव करने तथा जाति आधारित कल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन आवंटित करने का एकमात्र आधार नहीं बनाया जाए। इसके लिए पहले पारदर्शी और सत्यापन योग्य व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।


