भोपाल। Women’s Asian Champions Trophy 2026: राजधानी भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज होगा। दस दिन तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत समेत छह देशों की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। मेजबान भारतीय टीम पहले ही दिन मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। प्रतियोगिता का फाइनल 28 नवंबर को खेला जाएगा।
थाईलैंड की टीम बुधवार सुबह भोपाल पहुंच गई। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नए हॉकी स्टेडियम में होंगे।
पहले दिन तीन मुकाबले, शाम को उद्घाटन समारोह
उद्घाटन दिवस के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। 19 नवंबर को दोपहर 12:15 बजे चीन और थाईलैंड के बीच पहला मुकाबला होगा। दोपहर 2:30 बजे जापान और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे, जबकि शाम 4:45 बजे भारत और मलेशिया के बीच मैच खेला जाएगा।
उद्घाटन समारोह शाम 6:30 बजे आयोजित होगा। पहले समारोह शाम 5:30 बजे और भारत-मलेशिया मुकाबला शाम 7 बजे प्रस्तावित था। संशोधित कार्यक्रम के तहत पहले दिन तीनों मैच उद्घाटन समारोह से पहले खेले जाएंगे।
भारत के पांच मैच, चार मुकाबले शाम 7 बजे
भारतीय टीम लीग चरण में पांच मुकाबले खेलेगी। मलेशिया के बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ेगी। पहले मैच को छोड़कर भारत के बाकी चार मुकाबले शाम 7 बजे होंगे। मेजबान टीम ने मैचों का समय शाम को रखने का अनुरोध किया था।
27 नवंबर को पोजिशन मैच, 28 को खिताबी मुकाबला
लीग चरण 25 नवंबर को समाप्त होगा। इसके बाद 27 नवंबर को टीमों की रैंकिंग के आधार पर तीन मुकाबले होंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीम भिड़ेंगी। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीम तथा शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीम के बीच मुकाबला होगा।
28 नवंबर को पदक मुकाबले खेले जाएंगे। शाम 4:30 बजे कांस्य पदक और शाम 7 बजे स्वर्ण पदक के लिए निर्णायक मैच होगा।
विश्व रैंकिंग में चीन सबसे आगे, भारत दूसरे स्थान पर
विश्व रैंकिंग में चीन चौथे स्थान पर है, जबकि भारत सातवें नंबर पर है। जापान 11वें, दक्षिण कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है।
एशियाई रैंकिंग में चीन शीर्ष पर और भारत दूसरे स्थान पर है। जापान तीसरे, दक्षिण कोरिया चौथे, मलेशिया पांचवें और थाईलैंड छठे नंबर पर है। घरेलू मैदान पर भारतीय टीम को चीन और जापान जैसी मजबूत टीमों से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है।


