More
    Homeमध्यप्रदेशसिवनी में खाकी पर वसूली का दाग: टीआई लाइन अटैच, एएसपी और...

    सिवनी में खाकी पर वसूली का दाग: टीआई लाइन अटैच, एएसपी और एसडीओपी की भूमिका की जांच

    Published on

    spot_img

    भोपाल/सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में पुलिस अधिकारियों की कथित दबंगई, वसूली और कानून को ठेंगे पर रखने की तस्वीर दिखाई दे रही है। एक होटल में पहुंचे पुलिस अधिकारी प्रेमी जोड़े को धमकाते नजर आ रहे हैं। हद तो तब हो गई, जब एक एएसपी कथित तौर पर अपने स्टाफ से युवक के बैग में गांजा रखने के लिए कहते सुनाई देते हैं। होटल मालिक ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधिकारी उससे हर महीने 50 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। रकम नहीं देने पर होटल में दबिश देकर ग्राहकों और कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा था।

    मामला सिवनी के बवरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल मालिक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर संगठित तरीके से वसूली करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं, एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच की जा रही है।

    50 हजार महीने की कथित वसूली, रकम नहीं मिली तो होटल पर दबिश

    होटल मालिक संजय सनोडिया के मुताबिक, पिछले दो महीने से पुलिस अधिकारी उन पर हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे थे। अक्टूबर में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए दिए थे, लेकिन इसके बाद भी मांग कम नहीं हुई। अधिकारियों का कथित तौर पर कहना था कि होटल में बुकिंग हो या न हो, हर महीने 50 हजार रुपए पूरे देने होंगे।

    संजय का आरोप है कि रकम देने में असमर्थता जताने पर पुलिसकर्मियों ने 7, 8 और 9 अक्टूबर को लगातार तीन दिन होटल में तलाशी ली। उन्हें धमकी दी गई कि पैसे नहीं दिए तो होटल नहीं चलने देंगे। इतना ही नहीं, होटल में गांजा रखवाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।

    प्रेमी जोड़े को बनाया निशाना, बैग में गांजा रखने की बात

    होटल के छिपे कैमरे में रिकॉर्ड वीडियो में एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी एक प्रेमी जोड़े से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिस अधिकारी युवक और युवती को बैठाकर उनके परिजनों को बुलाने के लिए कहते हैं।

    टीआई सतीश तिवारी बातचीत के दौरान बताते सुनाई देते हैं कि दोनों बालिग हैं, एक ही जाति के हैं और शादी करना चाहते हैं। इसके बाद एएसपी दीपक मिश्रा युवक के बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई देते हैं। वीडियो में उनकी आवाज है- ‘चलो, इस लड़के के बैग में गांजा रख दो। अब तुम्हारी अच्छी जिंदगी हो जाएगी।’

    यह कथित बातचीत पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

    पुलिस के कैमरों से बचने के लिए लगाया छिपा कैमरा

    होटल मालिक संजय सनोडिया का कहना है कि पुलिस अधिकारियों की बार-बार की दबिश और पैसों की मांग से होटल का कारोबार प्रभावित होने लगा था। ग्राहकों ने भी होटल आना कम कर दिया था।

    उनका आरोप है कि पुलिसकर्मी जब भी होटल पहुंचते थे, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर ले जाते थे। इससे पुलिस की गतिविधियों का कोई सबूत नहीं बचता था। आखिरकार संजय ने होटल में अलग से एक छिपा कैमरा लगवा दिया। पुलिसकर्मी एक डीवीआर जब्त कर ले गए, लेकिन दूसरा सुरक्षित बच गया। इसी में पुलिस अधिकारियों की कथित करतूत रिकॉर्ड हो गई। करीब एक मिनट 15 सेकंड के इस वीडियो ने पूरे मामले को उजागर कर दिया।

    संजय के मुताबिक, उन्होंने होटल यश मेश्राम को किराए पर दे रखा है। अक्टूबर में पैसे नहीं देने पर पुलिस ने यश के साथ भी मारपीट की थी।

    टीआई लाइन अटैच, एएसपी ने वीडियो को बताया एआई जनरेटेड

    वीडियो सामने आने के बाद सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है। उन्होंने एएसपी और एसडीओपी की भूमिका की जांच कराने की बात कही है।

    जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी से रिपोर्ट मांगी है। उधर, एएसपी दीपक मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में वीडियो को एआई जनरेटेड बताते हुए फर्जी करार दिया। हालांकि, जब उन्हें बताया गया कि आईजी इस मामले में रिपोर्ट मांग चुके हैं, तो उन्होंने फोन काट दिया।

    एक साल पहले भी डेढ़ करोड़ की रिश्वत से सिवनी पुलिस हुई थी बदनाम

    सिवनी पुलिस पर वसूली के आरोपों का यह पहला मामला नहीं है। ठीक एक साल पहले, 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिसकर्मियों ने एक वाहन से तीन करोड़ रुपए पकड़े थे। आरोप लगा था कि करीब डेढ़ करोड़ रुपए की रिश्वत लेकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की गई।

    तत्कालीन कार्रवाई में आईजी प्रमोद वर्मा ने टीआई अर्पित भैरम समेत नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। अगले दिन तत्कालीन डीजीपी कैलाश मकवाणा ने एसडीओपी पूजा पांडेय को भी निलंबित किया। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के पास से 1.45 करोड़ रुपए बरामद हुए थे।

    एक साल बाद फिर पुलिस अधिकारियों पर वसूली और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगना सिवनी पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है। अब निगाहें जांच रिपोर्ट और उन अधिकारियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं जिनकी कथित करतूत कैमरे में कैद हुई है।

    Latest articles

    सिवनी पुलिस वसूली मामला: सीएम के निर्देश पर एएसपी-एसडीओपी, टीआई समेत छह पुलिसकर्मी सस्पेंड

    भोपाल/सिवनी। सिवनी में होटल संचालक से कथित वसूली और होटल में मौजूद कपल को...

    भोपाल में 20 नवंबर को लॉन्च होगी देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, शिवराज करेंगे राष्ट्र को समर्पित

    भोपाल। बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत को पहली स्वदेशी वैक्सीन मिल गई है। भोपाल...

    भोपाल में कल से महिला हॉकी का महामुकाबला, 10 दिन में तय होगा एशिया का चैंपियन

    भोपाल। Women's Asian Champions Trophy 2026: राजधानी भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन...

    पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे थे 9 गोवंश, एक की मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार

    भोपाल। विदिशा से भोपाल की ओर आ रहे एक पिकअप वाहन में गोवंश के...

    More like this

    सिवनी पुलिस वसूली मामला: सीएम के निर्देश पर एएसपी-एसडीओपी, टीआई समेत छह पुलिसकर्मी सस्पेंड

    भोपाल/सिवनी। सिवनी में होटल संचालक से कथित वसूली और होटल में मौजूद कपल को...

    भोपाल में 20 नवंबर को लॉन्च होगी देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, शिवराज करेंगे राष्ट्र को समर्पित

    भोपाल। बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत को पहली स्वदेशी वैक्सीन मिल गई है। भोपाल...

    भोपाल में कल से महिला हॉकी का महामुकाबला, 10 दिन में तय होगा एशिया का चैंपियन

    भोपाल। Women's Asian Champions Trophy 2026: राजधानी भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन...