भोपाल। Chhath Puja Special Trains; छठ पूजा के बाद बिहार से मध्य प्रदेश, मुंबई और गुजरात लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चार विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली इन ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी। इनमें रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल ट्रेन के तीन अतिरिक्त फेरे और बिहार के विभिन्न स्टेशनों से मुंबई व गुजरात के लिए तीन एकतरफा पूजा स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
इन ट्रेनों का लाभ भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना, विदिशा और संत हिरदाराम नगर सहित कई स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा। विशेष ट्रेनों का संचालन 18 नवंबर से शुरू होगा।
रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल के तीन अतिरिक्त फेरे
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 20, 23 और 27 नवंबर को अतिरिक्त फेरे लगाएगी। पहले इस ट्रेन का संचालन 16 नवंबर तक निर्धारित था। यह ट्रेन रानी कमलापति से सोमवार और शुक्रवार को रवाना होती है।
वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन 21, 24 और 28 नवंबर को अतिरिक्त फेरे लगाएगी। पहले इसका संचालन 17 नवंबर तक अधिसूचित था।
रानी कमलापति से यह ट्रेन दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर 3:25 बजे नर्मदापुरम और 3:55 बजे इटारसी पहुंचेगी। वापसी में इटारसी से सुबह 7:50 बजे और नर्मदापुरम से 8:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।
रक्सौल से मुंबई के लिए 18 नवंबर को स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 05593 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस वन-वे पूजा स्पेशल 18 नवंबर को शाम 7:10 बजे रक्सौल से रवाना होगी। यह ट्रेन 19 नवंबर को शाम 5:40 बजे इटारसी पहुंचेगी और 5:50 बजे रवाना होगी। इसके बाद 20 नवंबर को सुबह 5:30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच होंगे। इनमें 12 द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान, चार सामान्य श्रेणी, एक एसएलआरडी और एक जनरेटर कार शामिल हैं।
मधुबनी-अहमदाबाद स्पेशल बीना, विदिशा में रुकेगी
गाड़ी संख्या 05581 मधुबनी-अहमदाबाद वन-वे पूजा स्पेशल 18 नवंबर को शाम 6:15 बजे मधुबनी से रवाना होगी। यह ट्रेन 19 नवंबर को शाम 6:35 बजे बीना, 7:35 बजे विदिशा और रात 8:45 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी।
इसके बाद उज्जैन, रतलाम और दाहोद सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। ट्रेन में 18 आईसीएफ कोच होंगे। इनमें 10 स्लीपर, पांच सामान्य श्रेणी, एक द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
बरौनी-बांद्रा स्पेशल भोपाल और इटारसी होकर गुजरेगी
गाड़ी संख्या 05291 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस वन-वे स्पेशल 18 नवंबर को सुबह 8 बजे बरौनी से रवाना होगी। यह ट्रेन 19 नवंबर को सुबह 8:40 बजे विदिशा, 10 बजे रानी कमलापति और 11:40 बजे इटारसी पहुंचेगी। विदिशा में दो, रानी कमलापति में पांच और इटारसी में दस मिनट का ठहराव रहेगा।
यह ट्रेन 20 नवंबर को सुबह 4:30 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। इसमें कुल 18 आईसीएफ कोच होंगे, जिनमें 10 शयनयान, छह सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं।
आरक्षण और ट्रेन की जानकारी के लिए 139 पर करें कॉल
रेलवे ने बताया कि रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल के विस्तारित फेरों के लिए कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर बुकिंग शुरू हो चुकी है। अन्य विशेष ट्रेनों की स्थिति, समय-सारणी और ठहराव की जानकारी यात्री एनटीईएस ऐप और वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है।


