टिहरी गढ़वाल। Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर बाजार के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक छह यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें कई लोग घायल हैं। दो अन्य यात्रियों के भी खाई में गिरने की सूचना है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
जानकारी के अनुसार विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर के समीप बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्गम स्थान और गहरी खाई के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
एसएसपी श्वेता चौबे के मुताबिक हादसे में चार यात्रियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य यात्रियों के खाई में गिरने की जानकारी मिली है। उनकी तलाश और उन्हें बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 20 यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया है। घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश और अन्य अस्पतालों में भेजा गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक शव और आठ घायल यात्रियों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। हादसे में हताहतों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
घायलों की सूची
- मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका, झारखंड।
- राहुल कुमार (24), निवासी पटना, बिहार।
- अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधमसिंहनगर।
- प्रत्यूष (23), निवासी खटीमा, ऊधमसिंहनगर।
- अर्जुन सौरन (34), निवासी दुमका, झारखंड।
- बुधन मुर्मू (50), निवासी दुमका, झारखंड।
- आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
- नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
- राजकुमार (32), निवासी दुमका, झारखंड।
- जतिन (21), निवासी शाहदरा, दिल्ली।
- पंकज नेगी (31), निवासी रुद्रप्रयाग।
- संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
- वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग, चमोली।
रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।


