भोपाल। देवास जिले के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत से जुड़े मामले में गिरफ्तार कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल को पार्टी ने संगठन से बाहर कर दिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें सभी संगठनात्मक पदों से हटाते हुए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर यह कार्रवाई 3 नवंबर को जारी आदेश के तहत की गई है, जिसकी जानकारी अब सामने आई है।
कांग्रेस ने निष्कासन आदेश में पूरे घटनाक्रम को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा है कि मामले के तार अवैध शराब कारोबार से जुड़े होने की बात सामने आई है। राहुल जायसवाल की कथित संलिप्तता के संदेह में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने उनसे दूरी बनाते हुए संगठन से बाहर करने का फैसला लिया।
छह साल तक हरदा जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे
हरदा जिले के टिमरनी निवासी राहुल जायसवाल लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2018 से 2024 तक हरदा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद भी उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं। वह खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी भी बताए जाते हैं। शराब कारोबार से जुड़े मामले में गिरफ्तारी के बाद अब उनकी संगठनात्मक भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है।
पूछताछ के वीडियो में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी का कथित जिक्र
पुलिस जांच के दौरान अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क में राहुल जायसवाल का नाम सामने आया। पूछताछ से जुड़े एक वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर शराब कारोबार में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की बात कही थी। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और गुजरात तक फैले शराब तस्करी के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
दिलीप पुरी की मौत और शराब नेटवर्क के बीच संबंधों की जांच
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने की घटना के साथ अवैध शराब कारोबार के संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे घटनाक्रम में शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की क्या भूमिका रही और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के दायरे में अन्य संदिग्धों और तस्करी के संपर्कों को भी शामिल किया गया है।



