आकलैंड। India vs New Zealand ; लगातार तीन जीत के साथ टी20 सीरीज पर कब्जा जमाने वाली भारतीय टीम को चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को ऑकलैंड में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने भारत को 87 रन से शिकस्त दी। ग्लेन फिलिप्स के विस्फोटक शतक और माइकल ब्रेसवेल की आक्रामक अर्धशतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 259 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम नौ विकेट पर 172 रन ही बना सकी।
न्यूजीलैंड की जीत के सबसे बड़े नायक ग्लेन फिलिप्स रहे। उन्होंने 49 गेंदों में 107 रन बनाए, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 41 गेंदों में 115 रन की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह बेअसर कर दिया। न्यूजीलैंड का 259 रन का स्कोर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
46 गेंदों में फिलिप्स का शतक, ब्रेसवेल ने भी मचाया धमाल
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मयंक यादव ने टिम सीफर्ट (3) और डेरिल मिचेल (24) को आउट कर मेजबान टीम को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने फिन एलन (31) के साथ पारी को संभाला। एलन और बेवन जैकब्स के आउट होने के बाद फिलिप्स और ब्रेसवेल ने भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।
फिलिप्स ने 49 गेंदों में 107 रन की पारी खेली, जिसमें छह चौके और नौ छक्के शामिल थे। उन्होंने 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अगली 15 गेंदों में दूसरा अर्धशतक जड़कर 46 गेंदों में अपना तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया।
दूसरी ओर, ब्रेसवेल ने केवल 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनकी 25 गेंदों की पारी में चार चौके और छह छक्के शामिल रहे। फिलिप्स ने नीतीश कुमार रेड्डी के एक ओवर में 32 रन बटोरे। वहीं, ब्रेसवेल ने भी अक्षर पटेल के खिलाफ बड़े शॉट लगाए। न्यूजीलैंड ने अंतिम पांच ओवर में 85 रन जोड़कर स्कोर 259 तक पहुंचा दिया।
पहले ओवर में डफी ने सैमसन और ईशान को किया आउट
260 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जैकब डफी ने पहले ही ओवर में संजू सैमसन (4) और ईशान किशन (0) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर ने कुछ तेज रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की।
अभिषेक 15 गेंदों में 27 रन बनाकर मैथ्यू फिशर का शिकार बने, जबकि श्रेयस अय्यर 11 गेंदों में 22 रन बनाकर एडम मिल्ने की गेंद पर बोल्ड हो गए। पावरप्ले समाप्त होने तक भारत चार विकेट गंवाकर 61 रन बना चुका था। शुरुआती झटकों से भारतीय टीम अंत तक उबर नहीं सकी।
डफी ने झटके चार विकेट, 172 रन पर सिमटी टीम इंडिया
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। जैकब डफी ने 23 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने 23 रन देकर दो भारतीय बल्लेबाजों को आउट किया। भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 172 रन ही बना सकी और 87 रन से मुकाबला गंवा दिया।
अर्शदीप सिंह के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय का बड़ा रिकॉर्ड
हार के बावजूद भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के लिए यह मुकाबला उपलब्धि भरा रहा। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे किए। इस उपलब्धि के साथ वह इस प्रारूप में 150 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए।
सीरीज में भारत की 3-1 से बढ़त बरकरार
चौथे मुकाबले में जीत के साथ न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में अपना खाता खोला। हालांकि, शुरुआती तीन मैच जीतकर भारत पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है। अब दोनों टीमों के बीच पांचवां और आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम की कोशिश अंतिम मैच जीतकर सीरीज का समापन 4-1 से करने की होगी।


