देहरादून। उत्तराखंड के जोशीमठ में बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मारवाड़ी के पास छई गांव में हुए इस हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का था और बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा जा रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण राहत एवं बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
पांच यात्री और एक पायलट थे सवार
हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में तैनात थे। यात्रियों में प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज शामिल थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में किसी की जान नहीं बच सकी।
ड्रोन से तलाशा गया घटनास्थल
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के अधिकारियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की लोकेशन जोशीमठ के छई गांव के ऊपर स्थित सेना कैंप के पास मिली थी। घटनास्थल का पता लगाने और हालात का आकलन करने के लिए ड्रोन की मदद ली गई। जोशीमठ चौकी के उपनिरीक्षक मनोहर कन्याल ने भी हेलीकॉप्टर में छह लोगों के सवार होने की पुष्टि की।
सीएम धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि छई गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ को संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहे हैं।


