तेहरान/वॉशिंगटन डीसी/तेल अवीव। मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी सेना ने शनिवार को होर्मुज क्षेत्र में दो ईरानी ड्रोन गिराने का दावा किया। अमेरिकी सेन्ट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ये ड्रोन वहां से गुजरने वाले जहाजों के लिए खतरा बन रहे थे। अमेरिकी सैनिकों ने कहा कि वे किसी भी तरह के खतरे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ईरान ने इस कार्रवाई को युद्धविराम (सीजफायर) का उल्लंघन बताया। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका तनाव कम करने के बजाय क्षेत्र की सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है। तेहरान ने चेतावनी दी कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी अमेरिका की होगी। इसी बीच, इज़राइल के सेंट्रल हिस्से में आज एक पेट्रोल पंप पर आतंकी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। मेडिकल अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से एक की हालत गंभीर है।
पिछले 24 घंटों में मिडिल ईस्ट के कई हिस्सों में हिंसा और सैन्य कार्रवाइयां तेज हुई हैं:
- लेबनान में मौतों का आंकड़ा 3,593 पर: 2 मार्च से जारी इजराइली हमलों में अब तक 3,593 लोगों की मौत हो चुकी है और 10,990 लोग घायल हुए हैं। पिछले 24 घंटे में 35 लोगों की जान गई और 120 घायल हुए।
- दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले तेज, 10 की मौत: शनिवार को हुए हमलों में लेबनानी सेना के एक ब्रिगेडियर जनरल समेत 10 लोगों की जान गई। कई इलाकों में लोगों को अपने घर खाली करने के आदेश दिए गए।
- अमेरिका ने 4 ईरानी ड्रोन गिराने का दावा किया: अमेरिकी सेना ने होर्मुज की ओर बढ़ रहे चार ईरानी ड्रोन और केश्म आइलैंड की रडार साइट्स पर हमले का भी दावा किया। जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन की ओर सात बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिन्हें इंटरसेप्ट करने का दावा किया गया।
- ईरान ने कहा- सीजफायर अमेरिका ने तोड़ा: तेहरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने सीरिक और केश्म द्वीप पर तटीय रडार ठिकानों पर हमला कर युद्धविराम का उल्लंघन किया।
- ईरान-अमेरिका डील 24 अरब डॉलर पर अटकी: CNN की रिपोर्ट के अनुसार, संभावित शांति समझौता ईरान की 24 अरब डॉलर (करीब 2.29 लाख करोड़) की फ्रीज संपत्ति जारी करने पर टिका है। ईरान चाहता है कि समझौते के साथ ही 12 अरब डॉलर जारी किए जाएं, लेकिन अमेरिका अभी सहमत नहीं है।


