लंदन। ब्रिटेन की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता Keir Starmer ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर राष्ट्र को संबोधित करते हुए स्टार्मर ने कहा कि उन्हें अब यह महसूस होता है कि लेबर पार्टी आगामी आम चुनाव में उनके नेतृत्व में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाएगी और पार्टी को नए नेतृत्व की आवश्यकता है। बता दें कि, एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ब्रिटेन पीएम स्टार्मर के इस्तीफे की संभावना जताई थी।
स्टार्मर का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब पिछले कई महीनों से लेबर पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर असंतोष लगातार बढ़ रहा था। पार्टी के कई सांसदों और वरिष्ठ नेताओं ने खुले तौर पर उनके नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। स्थानीय चुनावों में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन, गिरती लोकप्रियता और लगातार बढ़ते आंतरिक दबाव ने अंततः उन्हें यह फैसला लेने पर मजबूर कर दिया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार हालिया स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा था, जिससे पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की मांग और तेज हो गई। कई वरिष्ठ मंत्रियों के इस्तीफों और सांसदों की नाराजगी ने भी स्टार्मर की स्थिति को कमजोर किया।
अब पार्टी के भीतर नए नेता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Andy Burnham उत्तराधिकारी बनने की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। हाल ही में मेकरफील्ड उपचुनाव जीतकर संसद में लौटे बर्नहैम को लेबर सांसदों के बड़े वर्ग का समर्थन प्राप्त बताया जा रहा है।
स्टार्मर के इस्तीफे के बाद ब्रिटेन में राजनीतिक अनिश्चितता का नया दौर शुरू हो गया है। अब सभी की नजरें लेबर पार्टी के अगले नेता और संभावित प्रधानमंत्री के चयन पर टिकी हैं, जो देश की राजनीति की दिशा तय करेगा।


