ढाका। बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं की संपत्तियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। नराइल जिले के कालिया उपजिला स्थित बेंदारचर गांव में शुक्रवार को उग्र भीड़ ने कई मकानों और दुकानों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 30 मकानों में आग लगाई गई। हमले में पूर्व सांसद, पूर्व मेयर और अवामी लीग के पदाधिकारियों के घर भी शामिल हैं। लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए सरकार ने सात जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 95 प्लाटून तैनात कर दी हैं।
पूर्व सांसद और अवामी लीग पदाधिकारियों के घरों पर हमला
बांग्लादेशी समाचार पत्र ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, बेंदारचर गांव में शुक्रवार दोपहर शुरू हुई हिंसा देर रात तक जारी रही। भीड़ ने पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति, पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान लिटन और अवामी लीग के महासचिव कृष्णपदा घोष के घरों को निशाना बनाया।
रात करीब आठ बजे दमकलकर्मियों को गांव में 20 से 30 मकान आग की चपेट में मिले। स्थानीय लोगों ने BNP समर्थकों पर करीब 50 घरों और दुकानों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी करने का आरोप लगाया है। हालांकि, स्थानीय BNP नेताओं ने इन आरोपों को खारिज किया है।
कालिया के कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद जिन्नतुल इस्लाम ने पूर्व सांसद के घर सहित कई मकानों में तोड़फोड़ की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पांच से छह घरों में आग लगाए जाने की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
BNP के दो नेताओं की हत्या के बाद भड़की हिंसा
नराइल पुलिस के मुताबिक, पिछले सप्ताह BNP के दो नेताओं की हत्या के बाद उनके रिश्तेदार और समर्थक शुक्रवार को बेंदारचर गांव में एकत्र हुए थे। आरोप है कि भीड़ ने उन अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर हमले किए, जिन पर हत्याओं में शामिल होने का संदेह जताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अल मामून सिकदर ने बताया कि BNP नेताओं के समर्थकों ने तीन से चार घरों में तोड़फोड़ की। दरअसल, 18 नवंबर को BNP के मोटरसाइकिल जुलूस पर हुए हमले में पार्टी से जुड़े दो नेताओं की हत्या के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया था।
इधर, पटुआखाली में भी गुरुवार रात से शुक्रवार शाम के बीच अवामी लीग के तीन पूर्व सांसदों के घरों पर हमले किए गए। शनिवार को पबना जिले की बेरा नगर पालिका में BNP और अवामी लीग समर्थकों के बीच झड़प हुई। ‘द डेली स्टार’ के मुताबिक, स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को रबर की गोलियां और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
सात जिलों में सुरक्षा के लिए 95 प्लाटून तैनात
लगातार बढ़ती हिंसा और राजनीतिक टकराव के मद्देनजर बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार में BGB की 95 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें गोपालगंज में तैनात दो बटालियन भी शामिल हैं।
BD24News की रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। BGB मुख्यालय ड्रोन और बॉडी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे लाइव फुटेज की निगरानी कर रहा है। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करना है।
शेख हसीना की वापसी का मुद्दा भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव की वजह
बांग्लादेश में जारी राजनीतिक अस्थिरता के बीच अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत से वापसी का मुद्दा भी दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ा रहा है। हसीना के वकीलों ने दिसंबर में प्रस्तावित वापसी की प्रक्रिया के लिए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश मिशन से नए दस्तावेज मांगे थे। हालांकि, नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग खारिज होने के बाद विवाद गहरा गया।
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर बांग्लादेश से जाना पड़ा था। इसके बाद वह भारत आ गई थीं। अंतरिम सरकार ने उनका पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया था। तब से वह भारत में रह रही हैं।
प्रत्यर्पण के लिए भारत पर दबाव
शेख हसीना की वापसी की मांग को लेकर अवामी लीग ने 19 नवंबर से देशव्यापी बंद सहित एक सप्ताह तक विरोध प्रदर्शन किए। दूसरी ओर, बांग्लादेश प्रशासन उनके प्रत्यर्पण के लिए भारत पर लगातार दबाव बना रहा है।
मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के बाद BNP सरकार ने भी हसीना को वापस भेजने की मांग दोहराई है। बांग्लादेश मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से उन्हें सौंपने की मांग कर रहा है। इस राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव के बीच देश में BNP और अवामी लीग समर्थकों के बीच टकराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।


