काजीरंगा। असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर यात्रियों से भरी मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
मिनी बस में सवार थे 35 से अधिक यात्री
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननिल डेका ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और शवों को बरामद किया गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बोकोखात और गोलाघाट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
मृतकों में कई कॉलेज छात्र शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में कई कॉलेज छात्र भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये छात्र अपनी कक्षाएं समाप्त होने के बाद लौट रहे थे। दुर्घटना की खबर मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से घायलों के उपचार की जानकारी ली।
तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की आशंका
पुलिस के शुरुआती आकलन में मिनी बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। आशंका है कि काजीरंगा क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते हुए बस तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।


