नई दिल्ली। भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा व्यवस्था को सरल बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वीजा की मुख्य श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है, जबकि सब-कैटेगरी 49 से कम करके 23 कर दी गई हैं। नई व्यवस्था से विदेशियों के लिए भारत आने का वीजा चुनना और आवेदन करना पहले के मुकाबले आसान होगा। यह बदलाव दिसंबर 2026 तक लागू किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत अब टूरिस्ट वीजा को विजिटर वीजा के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही वीजा आवेदन फॉर्म में मांगी जाने वाली जानकारियों और कॉलम की संख्या में भी करीब 65 से 70 प्रतिशत तक कमी की गई है। इससे आवेदन प्रक्रिया में लगने वाला समय घटेगा और आवेदकों को कम औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में भी वीजा व्यवस्था में बदलाव किया गया था। तब मुख्य कैटेगरी 22 से घटाकर 13 और सब-कैटेगरी 63 से कम करके 49 की गई थीं। अब दूसरे चरण में इन्हें और सरल बनाया गया है। फिलहाल भारत 172 देशों के नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
विजिटर वीजा की होंगी दो श्रेणियां
पहले टूरिस्ट वीजा के नाम से जारी होने वाला वीजा अब विजिटर वीजा कहलाएगा। इसे दो श्रेणियों में बांटा गया है।
- V-1 वीजा: यह 30 दिन के लिए जारी होगा। इसके तहत पर्यटक भारत घूमने, कारोबारी बैठकों, मेडिकल परामर्श, कम अवधि के उपचार और छोटे पाठ्यक्रमों के लिए आ सकेंगे। इसमें कई बार भारत आने की अनुमति होगी।
- V-2 वीजा: यह एक, पांच या दस साल की अवधि के लिए जारी किया जा सकेगा। इसके तहत लंबे समय तक भारत आने-जाने के अलावा पर्वतारोहण जैसी गतिविधियों की भी अनुमति होगी।
मेडिकल वीजा की अलग-अलग श्रेणियां
मेडिकल वीजा को सामान्य चिकित्सा और आयुष पद्धति से उपचार के लिए अलग-अलग किया गया है। M-1 वीजा सामान्य चिकित्सा उपचार और M-3 वीजा आयुष पद्धति से इलाज कराने वालों को मिलेगा। दोनों एक साल के लिए जारी होंगे और इनमें कई बार भारत आने की सुविधा होगी। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों या अटेंडेंट के लिए M-2 और M-4 वीजा की व्यवस्था की गई है।
विदेशी छात्रों के लिए दो तरह के स्टूडेंट वीजा
विदेशी विद्यार्थियों के लिए स्टूडेंट वीजा को S-1 और S-2 श्रेणियों में बांटा गया है। S-1 वीजा स्कूल, स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई के लिए होगा। वहीं S-2 वीजा पीएचडी, शोध, इंटर्नशिप और एक्सचेंज कार्यक्रमों में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को दिया जाएगा। स्टडी इन इंडिया पोर्टल के माध्यम से दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों को ई-स्टूडेंट वीजा की सुविधा भी मिल सकेगी।
बिजनेस वीजा में भी बदलाव
कारोबारी गतिविधियों के लिए बिजनेस वीजा को B-1 और B-2 श्रेणियों में बांटा गया है। B-1 वीजा लंबे समय की कारोबारी गतिविधियों और भारत में व्यवसाय शुरू करने के लिए होगा। जबकि B-2 वीजा कम अवधि के कारोबारी काम, कॉन्फ्रेंस, खेल और फिल्म से जुड़ी गतिविधियों के लिए जारी किया जाएगा।
इसके अलावा भारतीय कंपनियों के साथ काम करने वाले विदेशी विशेषज्ञों को भी B-2 श्रेणी में शामिल किया गया है। वे मशीनों की स्थापना, रखरखाव, गुणवत्ता जांच और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने जैसे काम कर सकेंगे।
सरकार का उद्देश्य वीजा प्रक्रिया को कम जटिल बनाना, विदेशी पर्यटकों, विद्यार्थियों, मरीजों और निवेशकों के लिए भारत में प्रवेश आसान करना तथा आवेदन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाना है।


