भोपाल। मध्यप्रदेश में विभागीय नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा-2026 की तारीख बदल दी गई है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने अब यह परीक्षा 14 नवंबर 2026 के बजाय 10 जनवरी 2027 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। पटवारी संघ की मांग और राजस्व विभाग की सहमति के बाद परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाई गई है। कर्मचारी चयन मंडल ने बुधवार शाम इसकी आधिकारिक सूचना जारी की।
पटवारी, आरआई और लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों की होगी भर्ती
इस परीक्षा के माध्यम से राजस्व विभाग में कार्यरत पटवारी, राजस्व निरीक्षक (आरआई) और लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को नायब तहसीलदार पद पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा। इसके तहत राजस्व मंडल, आयुक्त भू-अभिलेख, प्रमुख राजस्व आयुक्त, संभागायुक्त और कलेक्टर कार्यालयों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों की सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पुलिस भर्ती के याचिकाकर्ताओं को आज तक आवेदन का मौका
इधर, कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस आरक्षक, पुलिस आरक्षक (ड्राइवर), सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और सहायक उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा में न्यायालय में याचिका दायर करने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का अतिरिक्त अवसर दिया है। ऐसे अभ्यर्थी गुरुवार, 12 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आरक्षक के 7500 पदों के लिए मिले 7.54 लाख आवेदन
पुलिस आरक्षक के 7500 पदों पर भर्ती के लिए अब तक करीब 7.54 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर की थीं। न्यायालय के निर्णय के अनुपालन में कर्मचारी चयन मंडल ने याचिकाकर्ताओं को आवेदन करने की अनुमति दी है।
इसी तरह पुलिस आरक्षक (ड्राइवर) के 1040 पदों तथा सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और सहायक उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए भी न्यायालय में याचिका दायर करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है। सूबेदार और एसआई भर्ती परीक्षा के लिए अब तक 1 लाख 54 हजार 180 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। संबंधित अभ्यर्थी भी 12 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


