भोपाल। मध्यप्रदेश को जल्द ही नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मिल सकता है। प्रदेश के अगले पुलिस प्रमुख के चयन की प्रक्रिया निर्णायक दौर में पहुंच गई है। इस पद के लिए अब 11 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बीच मुकाबला है। विशेष पुलिस महानिदेशक जी. अखोटे के दावेदारी वापस लेने के बाद चयन प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों की संख्या 12 से घटकर 11 रह गई है।
नए डीजीपी के चयन को लेकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) 20 नवंबर को दिल्ली में बैठक करेगा। इसमें सभी पात्र अधिकारियों की वरिष्ठता, सेवा रिकॉर्ड और निर्धारित मापदंडों के आधार पर विचार किया जाएगा। बैठक के बाद आयोग तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार कर मध्यप्रदेश सरकार को भेजेगा। राज्य सरकार इसी पैनल में शामिल अधिकारियों में से किसी एक को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त करेगी।
उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा और वरुण कपूर के नाम चर्चा में
डीजीपी पद की दौड़ में विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, वरुण कपूर, पंकज श्रीवास्तव और आदर्श कटियार सहित कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। इनके अलावा विशेष डीजी रैंक के तीन अन्य अधिकारियों के नाम भी चयन प्रक्रिया में शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, अंतिम रूप से तीन अधिकारियों के नाम यूपीएससी की बैठक में ही तय होंगे।
मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से पहले नियुक्ति के संकेत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 नवंबर को विदेश दौरे पर जाने वाले हैं। ऐसे में नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर 20 से 23 नवंबर के बीच गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले नए पुलिस प्रमुख के नाम की घोषणा हो सकती है।
हालांकि, नियुक्ति का फैसला यूपीएससी की ओर से भेजे जाने वाले तीन नामों के पैनल और राज्य सरकार के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा।


