भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश कुमार अग्रवाल ने नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथपत्र में अपनी आय, संपत्ति और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की है। हलफनामे के अनुसार रजनीश अग्रवाल और उनके परिवार के पास 2 करोड़ रुपये से अधिक की चल एवं अचल संपत्ति है। उनके खिलाफ किसी भी प्रकार का आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
शपथपत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक रजनीश अग्रवाल के नाम करीब 59.59 लाख रुपये की चल संपत्ति दर्ज है। वहीं उनकी पत्नी गरिमा विजयवर्गीय के नाम 32.12 लाख रुपये और आश्रित पुत्र ज्योतिर्मन अग्रवाल के नाम 5 लाख रुपये की संपत्ति है। इस तरह परिवार की कुल चल संपत्ति लगभग 96.71 लाख रुपये है।
अचल संपत्तियों की बात करें तो रजनीश अग्रवाल के नाम विदिशा जिले की लटेरी तहसील में कृषि एवं गैर-कृषि भूमि दर्ज है। उनकी अचल संपत्तियों का वर्तमान बाजार मूल्य करीब 1.16 करोड़ रुपये बताया गया है। कुल मिलाकर परिवार की घोषित संपत्ति 2 करोड़ रुपये से अधिक है।
गैस एजेंसी का संचालन करते हैं अग्रवाल
रजनीश अग्रवाल का मुख्य व्यवसाय गैस एजेंसी का संचालन है। वे “रुचि गैस एजेंसी” के प्रोपराइटर हैं। उनके नाम विभिन्न बैंक खातों, सावधि जमा (एफडी) और अन्य निवेश दर्ज हैं। शपथपत्र के अनुसार गैस एजेंसी के चालू खाते में 24 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा है।
सोना और वाहन भी हैं संपत्ति का हिस्सा
हलफनामे के अनुसार रजनीश अग्रवाल के पास 20 ग्राम सोना है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.21 लाख रुपये है। वहीं उनकी पत्नी के पास 150 ग्राम सोने के आभूषण हैं, जिनका मूल्य लगभग 24 लाख रुपये बताया गया है। अग्रवाल के नाम दो चारपहिया वाहन भी दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2014 मॉडल की टोयोटा इटियोस क्रॉस और वर्ष 2013 मॉडल की महिंद्रा बोलेरो शामिल हैं। दोनों वाहनों का वर्तमान मूल्य करीब 4.70 लाख रुपये आंका गया है।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर, कोई आपराधिक मामला नहीं
शैक्षणिक योग्यता के अनुसार रजनीश अग्रवाल ने वर्ष 2020 में डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से मास्टर ऑफ ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म (एमबीजे) की डिग्री प्राप्त की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उन्होंने 9.92 लाख रुपये की आय घोषित की है। पिछले वर्षों में भी उनकी आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। शपथपत्र के अनुसार उनके खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं है और न ही किसी मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया है।


