14 आईपीएस अधिकारी हैदराबाद में प्रशिक्षण पर जाएंगे, 20 नवंबर तक लागू रहेगी नई व्यवस्था
भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। 28वें मिड कॅरिअर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीटीपी) के तहत 14 आईपीएस अधिकारी प्रशिक्षण पर जाएंगे। इनमें एक डीआईजी और सात जिलों के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं। अधिकारियों की अनुपस्थिति में पुलिस प्रशासन का कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए गृह विभाग ने वैकल्पिक कार्यभार सौंपने के आदेश जारी किए हैं।
इन अधिकारियों का प्रशिक्षण हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान भोपाल, शहडोल, ग्वालियर, रायसेन, बड़वानी, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज और डिंडोरी सहित विभिन्न स्थानों पर दूसरे अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
डीआईजी और पुलिस अधीक्षकों के प्रभार में बदलाव
प्रशिक्षण अवधि के दौरान शहडोल रेंज के डीआईजी विवेक सिंह का कार्यभार पुलिस अधीक्षक शहडोल संजय कुमार अग्रवाल संभालेंगे। नगरीय पुलिस भोपाल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान की जगह अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला जिम्मेदारी निभाएंगी।
इसी तरह 23वीं वाहिनी विसबल भोपाल के सेनानी प्रमोद कुमार सिन्हा के स्थान पर 25वीं वाहिनी के सेनानी नागेंद्र सिंह को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह की अनुपस्थिति में 13वीं वाहिनी के सेनानी श्रुतकीर्ति सोमवंशी कार्यभार संभालेंगे।
मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव के स्थान पर राज्य पुलिस सेवा की अधिकारी रश्मि पाण्डेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष के स्थान पर रेल भोपाल के पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल कार्यभार देखेंगे।
भोपाल में भी वैकल्पिक व्यवस्था
राजधानी भोपाल में भी अधिकारियों की अनुपस्थिति को देखते हुए वैकल्पिक प्रभार तय किए गए हैं। पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास कुमार सहवाल के प्रशिक्षण पर जाने के दौरान पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता उनका कार्यभार संभालेंगे।
इसके अलावा मनीष खत्री के स्थान पर हेलेन सोनाली सूना को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रेल जबलपुर के पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश की अनुपस्थिति में सिद्धार्थ चौधरी कार्यभार संभालेंगे।
इन जिलों में भी बदले वैकल्पिक प्रभार
गृह विभाग के आदेश के मुताबिक, बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के स्थान पर सेनानी विनोद कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी की जगह सेनानी दीपक कुमार शुक्ला कार्यभार संभालेंगे।
अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराव के स्थान पर अंकित सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मऊगंज के पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन की जगह मनोहर सिंह मंडलोई और डिंडोरी के पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के स्थान पर सेनानी सुनील तिवारी कार्यभार देखेंगे।
गृह विभाग ने सभी वैकल्पिक व्यवस्थाओं को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण अवधि पूरी होने तक संबंधित अधिकारी अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। विभाग का उद्देश्य पुलिस प्रशासन, कानून-व्यवस्था और विभागीय कामकाज की निरंतरता बनाए रखना है।


