भोपाल।MP ASHA Worker Recruitment: मध्यप्रदेश में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए पांच साल बाद आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग प्रदेश के विभिन्न गांवों में 3062 ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति करेगा। इस भर्ती के लिए 10वीं पास महिलाएं 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन केवल एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
21 से 45 वर्ष की विवाहित महिलाएं कर सकेंगी आवेदन
आशा कार्यकर्ता भर्ती के लिए आवेदिका का संबंधित ग्राम की स्थायी निवासी और विवाहित होना अनिवार्य है। इसके अलावा महिला की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 10वीं पास निर्धारित की गई है। ग्रामवार निर्धारित पदों और चयन के लिए चिह्नित गांवों के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। पूरी चयन प्रक्रिया जिला कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में संपन्न होगी।
ग्रामसभा की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी चयन प्रक्रिया
स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद 17 से 25 दिसंबर तक आवेदनों को संबंधित ग्रामसभाओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। ग्रामसभा 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक पात्र उम्मीदवारों के चयन संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी देकर आगे भेजेगी।
इसके बाद 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक विकासखंड स्तर पर दावे और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। वहीं, 6 से 25 फरवरी 2027 तक जिला स्तर पर प्राप्त अपीलों का निराकरण किया जाएगा।
5 मार्च 2027 तक जारी होंगे नियुक्ति आदेश
जिला स्वास्थ्य समिति 26 फरवरी से 5 मार्च 2027 के बीच चयन प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी देगी। इसके बाद चयनित महिलाओं के आदेश जारी किए जाएंगे। विभाग ने 5 मार्च 2027 तक चयन प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
चयनित महिलाओं की जानकारी और आवश्यक दस्तावेज एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से राज्य मुख्यालय भेजे जाएंगे। दस्तावेजों के सत्यापन और अनुमोदन के बाद 6 से 20 मार्च 2027 तक चयनित आशा कार्यकर्ताओं की आशा पोर्टल पर आईडी बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


