भोपाल। कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भोपाल क्राइम ब्रांच ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित रूप से एडिटेड वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करने के मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। भाजपा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की थी शिकायत
मामले में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से मुलाकात कर शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पीसी शर्मा की फेसबुक आईडी से नितिन नवीन का छेड़छाड़ किया हुआ वीडियो साझा किया गया। इसके जरिए उनके मूल बयान का संदर्भ और अर्थ बदलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई।
इस मामले में छत्रसाल नगर फेस-2, पिपलानी निवासी संतोष वर्मा (57) ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत और उपलब्ध कराए गए वीडियो की जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज की।
चंडीगढ़ के कार्यक्रम से जुड़ा है मामला
शिकायत के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो नितिन नवीन के चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम से संबंधित है। आरोप है कि संपादित वीडियो में उन्हें यह कहते हुए दिखाया गया कि पाकिस्तान के मंत्री डेलीगेट्स के रूप में भारत आ रहे हैं और यह निर्णय चीन के दबाव में लिया गया है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर बयान का अर्थ बदल दिया गया, जिससे आम लोगों के बीच भ्रम और अविश्वास की स्थिति पैदा हो सकती है। शिकायत के साथ भाजपा ने मूल वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।
इन धाराओं में दर्ज हुई FIR
क्राइम ब्रांच ने पीसी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 340(2), 353(1)(बी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत मामला दर्ज किया है।


