भोपाल। मध्य प्रदेश की राज्यसभा चुनावी जंग दिलचस्प हो गई है। कांग्रेस के कब्जे वाली सीट पर भाजपा ने महेश केवट को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के बाद भाजपा उम्मीदवार महेश केवट ने भी पर्चा दाखिल कर दिया। इसके साथ ही तीसरी राज्यसभा सीट पर क्रॉस वोटिंग की आशंका बढ़ गई है।
इसी आशंका को देखते हुए कांग्रेस ने अपने विधायकों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। पार्टी मतदान 18 जून तक सभी विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत कांग्रेस विधायक मंगलवार दोपहर बाद विशेष विमान से कर्नाटक और अन्य कांग्रेस शासित राज्यों के लिए रवाना हो सकते हैं। सोमवार देर शाम नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों को करीब दस दिनों की यात्रा की तैयारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक ने मांगी चारधाम यात्रा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बंगले पर हुई बैठक के दौरान श्योपुर विधायक बाबू जंडेल ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि यदि विधायकों को दस दिनों के लिए बाहर भेजा जा रहा है तो उन्हें चारधाम यात्रा भी करा दी जाए। उनके इस बयान पर बैठक में मौजूद नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल बन गया।
भोपाल पहुंचे महाराष्ट्र और तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष बोम्मा माहेश कुमार गौड़ भी भोपाल पहुंचे। दोनों नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठकें कीं और देर शाम उमंग सिंघार के आवास पर आयोजित डिनर में भी शामिल हुए।
किसने क्या कहा
-नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पार्टी विधायकों को मतदान प्रक्रिया और मॉक पोल की तैयारी करा रही है। कांग्रेस को अपने सभी विधायकों पर पूरा भरोसा है।
-मुख्य सचेतक सोहन बाल्मीकि ने कहा कि दिल्ली हाईकमान का स्पष्ट निर्देश है कि सभी विधायक एकजुट रहेंगे और पार्टी लाइन से कोई नहीं हटेगा।
-उधर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि बीना विधायक निर्मला सप्रे भाजपा के साथ हैं और भाजपा तीनों राज्यसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
-पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी कहा कि उनके संपर्क में भाजपा के कुछ विधायक हैं और चुनाव तक राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।


