भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में अब संगठनात्मक पद हासिल करना ही काफी नहीं होगा, बल्कि पदाधिकारियों को अपनी सक्रियता और कामकाज का हिसाब भी देना होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विधानसभा प्रभारियों से संगठन की जमीनी स्थिति और अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट के आधार पर सक्रिय और निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान कर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में शनिवार को प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में विधानसभा प्रभारियों की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, संगठन प्रभारी संजय कामले, मुन्ना रघुवंशी और ललित सेन सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यशाला में प्रदेशभर से पहुंचे विधानसभा प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों और सौंपे गए दायित्वों की प्रगति का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
कमेटियों के गठन के साथ उनके कामकाज की भी होगी जांच

कांग्रेस अब ग्राम पंचायत, मंडल और ब्लॉक स्तर पर केवल कमेटियां गठित करने तक सीमित नहीं रहना चाहती। पार्टी यह भी देखेगी कि इन कमेटियों के पदाधिकारी वास्तव में संगठन के लिए काम कर रहे हैं या नियुक्तियां केवल कागजों तक सीमित हैं। जिन क्षेत्रों में अब तक कमेटियों का गठन पूरा नहीं हुआ है, वहां प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया है।
आंदोलनों में भागीदारी बनेगी सक्रियता का पैमाना
पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट में आंदोलनों और पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को भी शामिल किया जाएगा। किस नेता और कार्यकर्ता ने संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद कितनी सक्रियता दिखाई और जनता के मुद्दों पर कितनी भागीदारी निभाई, इसका आकलन होगा। रिपोर्ट के आधार पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ाने और निष्क्रिय पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की रणनीति बनाई जा सकती है।
प्रभावी विपक्ष की भूमिका पर जोर
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के मुताबिक, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए उत्प्रेरक समूह तैयार किया गया है। इसकी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज करने और प्रदेश में प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए नए कार्यक्रम और रणनीति तैयार कर रही है।


