नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने देश की न्यायपालिका में जजों की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्तियों में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यकों और महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। उन्होंने कॉलेजियम की सिफारिशों में सामाजिक संतुलन की कमी पर भी चिंता जताई है।
27 नवंबर को लिखे पत्र में गवई ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2018 से अब तक हाईकोर्ट में 715 न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं। इनमें केवल 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। उनके मुताबिक, इस अवधि में करीब 75 प्रतिशत नियुक्तियां सामान्य वर्ग से हुई हैं।
OBC को 14 प्रतिशत से भी कम प्रतिनिधित्व
पूर्व CJI ने पत्र में कहा कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हाईकोर्ट में हुई न्यायाधीशों की नियुक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत रही। वहीं, देश की आबादी में 40 से 50 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले OBC समुदाय को 14 प्रतिशत से भी कम प्रतिनिधित्व मिला। उन्होंने इसे न्यायपालिका में सामाजिक विविधता और समान अवसरों की कमी का संकेत बताया।
गवई ने कहा कि न्यायाधीशों की नियुक्ति और तबादलों में योग्यता के साथ सामाजिक प्रतिनिधित्व और समान अवसर के सिद्धांत को भी महत्व दिया जाना चाहिए। मौजूदा व्यवस्था में वंचित वर्गों और महिलाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
कॉलेजियम की जवाबदेही पर भी सवाल
गवई ने न्यायाधीशों की नियुक्ति में कॉलेजियम की भूमिका और उसकी जवाबदेही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संविधान के तहत सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं, लेकिन नामों की सिफारिश करने में कॉलेजियम की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद कॉलेजियम की कार्यप्रणाली के लिए जवाबदेही तय करने की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने कहा कि न्यायपालिका में सभी सामाजिक वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिलाना केवल कॉलेजियम की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें केंद्र सरकार और संसद की भी महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने वंचित वर्गों के लोगों को न्यायपालिका में अवसर देने के लिए पहले सरकार और संसद की ओर से किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।
जजों के तबादलों में भेदभाव का आरोप
पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के तबादलों के दो उदाहरण देकर चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि एक न्यायाधीश को उनके मूल हाईकोर्ट से दूसरे हाईकोर्ट में स्थानांतरित किया गया था। उस समय इस फैसले को दंडात्मक कार्रवाई के तौर पर देखा गया, लेकिन बाद में उसी न्यायाधीश को एक बड़े और प्रमुख हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बना दिया गया।
इसी तरह, दूसरे मामले में एक बड़े हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को छोटे हाईकोर्ट में भेज दिया गया, जबकि छोटे हाईकोर्ट के एक मेहनती मुख्य न्यायाधीश का बड़े हाईकोर्ट में तबादला कर दिया गया। गवई ने इन फैसलों के आधार और चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
राष्ट्रपति से उचित कदम उठाने की अपील
गवई ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी खास समुदाय के लोगों की न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति पर आपत्ति नहीं है। उनकी चिंता नियुक्तियों में सभी सामाजिक वर्गों को उचित और संतुलित प्रतिनिधित्व नहीं मिलने को लेकर है।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से इस मामले में हस्तक्षेप करने और उचित कदम उठाने की अपील की है।


