भोपाल। मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 प्रशासनिक फेरबदल के लिहाज से अहम रहने वाला है। अगले साल प्रदेश के 25 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे। इनमें एसीएस स्तर के पांच और सचिव एवं अपर सचिव स्तर के 20 अधिकारी शामिल हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा मुख्य सचिव की कुर्सी को लेकर रहेगी। प्रदेश के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में शामिल डॉ. राजेश राजौरा मई 2027 में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसे में उनके पास मुख्य सचिव बनने के लिए सीमित समय बचा है।
वर्तमान मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल 31 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यदि केंद्र सरकार उन्हें सेवा विस्तार नहीं देती है तो राज्य में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति की जाएगी। इस पद के लिए डॉ. राजेश राजौरा की दावेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला राज्य सरकार को करना है। यदि उन्हें मुख्य सचिव की जिम्मेदारी नहीं मिलती है तो वे इस पद पर पहुंचे बिना ही सेवानिवृत्त हो सकते हैं।
डॉ. राजेश राजौरा फिलहाल प्रशासन अकादमी के महानिदेशक हैं। मोहन यादव सरकार के कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव भी रह चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और वरिष्ठता के लिहाज से उनका नाम मुख्य सचिव पद के संभावित दावेदारों में शामिल है।
सचिव और अपर सचिव स्तर के 20 अफसर भी होंगे रिटायर
जनवरी से दिसंबर 2027 के बीच सेवानिवृत्त होने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में राजेश राजौरा के अलावा मनु श्रीवास्तव का नाम भी शामिल है। एसीएस स्तर के पांच अधिकारियों के साथ सचिव और अपर सचिव स्तर के 20 अधिकारी भी अगले साल सेवा पूरी करेंगे। इनके रिटायरमेंट से मंत्रालय और प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में कई महत्वपूर्ण पद खाली होंगे।
मनीष सिंह और दीपक सक्सेना भी सूची में
अगले साल सेवानिवृत्त होने वाले सचिव स्तर के अधिकारियों में जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह और आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके आलोक कुमार सिंह का नाम भी इस सूची में है। इनके अलावा बीएस जामोद, अनिल सुचारी, दीपक सिंह और दिलीप कुमार भी 2027 में सेवानिवृत्त होंगे। इनमें से कुछ अधिकारी संभागायुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम कर चुके हैं।
सितंबर में सबसे ज्यादा पांच अधिकारी होंगे रिटायर
महीनेवार आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2027 में सबसे ज्यादा पांच आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे। जनवरी, अप्रैल, मई और दिसंबर में तीन-तीन अधिकारियों का कार्यकाल पूरा होगा। फरवरी, अगस्त और नवंबर में दो-दो, जबकि मार्च और जून में एक-एक अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा और अपर कलेक्टर स्तर के 32 अधिकारी भी अगले साल रिटायर होंगे। इनमें कुछ डिप्टी कलेक्टर भी शामिल हैं। इस तरह 2027 में प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े पैमाने पर बदलाव और नई नियुक्तियों की संभावना रहेगी।


