भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई की त्रयोदशी और शांति भोज में गुरुवार को देशभर के दिग्गज नेताओं, मंत्रियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों का जमावड़ा लगा। भोपाल के नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। सभी ने काशीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल चौहान परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
योगी ने पोती इला को दुलारा, बहू अमानत ने लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की पोती इला को स्नेहपूर्वक दुलारा। इस मौके पर शिवराज की बहू अमानत ने योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पोती के प्रति योगी का स्नेह देखकर शिवराज ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘मूलधन से ब्याज ज्यादा प्यारा होता है।’ इस आत्मीय प्रसंग ने कार्यक्रम के गंभीर माहौल में पारिवारिक स्नेह का भावुक दृश्य प्रस्तुत किया।
राजनाथ और ओम बिरला ने बंधाया ढांढस
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी विशेष रूप से भोपाल पहुंचे। दोनों नेताओं ने काशीबाई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव भी कार्यक्रम में पहुंचे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित विभिन्न राज्यों के मंत्रियों और सांसदों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मध्य प्रदेश के नेताओं का भी लगा जमावड़ा
शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे प्रमुख लोगों में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश के मंत्री तुलसी सिलावट और राव उदय प्रताप सिंह, विधायक प्रभुराम चौधरी और गोपाल सिंह इंजीनियर शामिल रहे। पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, जयंत मलैया और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने भी चौहान परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
राजनीतिक हस्तियों के अलावा साध्वी हर्षानंद (हर्षा रिछारिया), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक राजकुमार मटाले, करुणाधाम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल्य और ईसाई धर्मगुरुओं ने भी काशीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए। देशभर से बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने के कारण कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


