महराजगंज। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में तीन और पांच साल के दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के मुताबिक, मधेश प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू मार्ग पर भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वैन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन और पांच साल के बच्चे भी घायल
हादसे में घायल लोगों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4, सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव शामिल हैं। तीनों को उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के अनुसार, मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोटें आई हैं, जबकि सक्षम कुमार यादव को अंदरूनी चोटें लगी हैं। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। वहीं, तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह में चोटें आई हैं। उनकी स्थिति मध्यम बताई गई है।
हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी एजेंसियां
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सहप्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने दुर्घटना में 10 लोगों की मौत और पांच के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


