More
    Homeदेशराजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, 4 ट्रेनें रद्द; 45 मिनट पहले...

    राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, 4 ट्रेनें रद्द; 45 मिनट पहले गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन

    Published on

    spot_img

    श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात हुए धमाके से रेल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलखंड पर रात करीब 9:45 बजे हुए विस्फोट से पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए। रेलवे ट्रैक के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले ही इस ट्रैक से पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी। धमाके की आवाज घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। आईबी, सीआईडी और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एहतियात के तौर पर बुधवार सुबह 9 बजे तक इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन बंद रखा गया। इस दौरान रूट की चार ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।

    रात दो बजे पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियों की टीमें

    रामसिंहपुर सीआई राम प्रताप के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ की ओर पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी। रात करीब 9 बजे ट्रेन 50 जीबी गांव के आसपास से गुजरी। इसके लगभग 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे रेलवे पटरी पर विस्फोट हुआ।

    धमाके की आवाज सुनकर घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रात करीब 11 बजे पुलिस और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद रात दो बजे आईबी और सीआईडी की टीमें पहुंचीं। करीब सवा दो बजे एटीएस के एडिशनल एसपी सुरेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

    श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि विस्फोट की तीव्रता और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम घटनास्थल से नमूने लेकर उनकी जांच करेगी।

    अक्टूबर में सीमा क्षेत्र में मिला था विस्फोटक

    इस घटना ने सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले में हाल ही में पकड़ी गई हथियारों और विस्फोटक सामग्री की खेप की याद भी ताजा कर दी है। अक्टूबर में सुरक्षा एजेंसियों ने रावला मंडी क्षेत्र में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई हथियारों और विस्फोटकों की खेप बरामद की थी। इसमें 7.750 किलोग्राम विस्फोटक, दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन, करीब 867 कारतूस, पांच बैटरियां और दो रिमोट शामिल थे। हालांकि, रेलवे ट्रैक पर हुए ताजा विस्फोट से इस बरामदगी का कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

    राजस्थान में पहले भी सामने आ चुकी हैं रेल हादसे की साजिशें

    राजस्थान में इससे पहले भी रेलवे ट्रैक पर अवरोध रखकर ट्रेनों को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश के मामले सामने आ चुके हैं।

    • 19 जनवरी 2026: जयपुर में महाराजा एक्सप्रेस के रास्ते में लोहे के एंगल रखे गए थे। लोको पायलट की सतर्कता से हादसा टल गया।
    • 7 अप्रैल 2026: चित्तौड़गढ़ में ओराई नदी की पुलिया पर रेलवे ट्रैक पर करीब 17 फीट लंबा लोहे का टुकड़ा रखकर मालगाड़ी को बेपटरी करने की कोशिश की गई।
    • 23 अगस्त 2024: पाली में अहमदाबाद से जोधपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन सीमेंट के ब्लॉक से टकरा गई थी। इसे ट्रेन को बेपटरी करने की साजिश के तौर पर देखा गया था।

     

     

    Latest articles

    अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ट्रम्प को बड़ा झटका, डेमोक्रेट्स ने सीनेट में बहुमत हासिल किया

    वाशिंगटन। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध जैसे हालात के बीच अमेरिका में हुए...

    धार में सहकारी समिति प्रबंधक के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 2.41 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

    इंदौर। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत इंदौर लोकायुक्त की टीम ने...

    शेयर बाजार में तेजी: सेंसेक्स 340 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,850 के पार

    मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को मजबूती के साथ कारोबार...

    एमपीपीसीबी अध्यक्ष अनिरुद्ध मुखर्जी पर पांच महीने अवैध रूप से पद पर रहने का आरोप, एफआईआर की मांग

    भोपाल। मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीपीसीबी) के अध्यक्ष पद को लेकर नया विवाद खड़ा...

    More like this

    अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ट्रम्प को बड़ा झटका, डेमोक्रेट्स ने सीनेट में बहुमत हासिल किया

    वाशिंगटन। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध जैसे हालात के बीच अमेरिका में हुए...

    धार में सहकारी समिति प्रबंधक के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 2.41 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

    इंदौर। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत इंदौर लोकायुक्त की टीम ने...

    शेयर बाजार में तेजी: सेंसेक्स 340 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,850 के पार

    मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को मजबूती के साथ कारोबार...