नई दिल्ली। अभिनेता नागा चैतन्य ने अपने खिलाफ प्रसारित किए जा रहे कथित भ्रामक ऑनलाइन कंटेंट और बेवफाई के आरोपों को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। अभिनेता का कहना है कि कुछ डिजिटल प्लेटफॉर्म उनकी छवि और पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
नागा चैतन्य ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की। ऑनलाइन कंटेंट में बेवफाई और सामंथा का करियर बर्बाद करने जैसे आरोप लगाए गए। अभिनेता ने व्यक्तित्व अधिकार की सुरक्षा की मांग की। हाईकोर्ट ने मामले में अंतरिम राहत प्रदान की है। अदालत में सुनवाई के दौरान नागा चैतन्य के वकील ने कहा कि कुछ ऑनलाइन सामग्री में अभिनेता को उनकी पूर्व पत्नी सामंथा रुथ प्रभु के करियर को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है। वकील के अनुसार यह आलोचना नहीं, बल्कि ट्रोलिंग और छवि धूमिल करने की कोशिश है।
29 मई को हुई सुनवाई
दिल्ली हाईकोर्ट में जस्टिस ज्योति सिंह की पीठ ने मामले की सुनवाई की। अभिनेता ने अपनी तस्वीरों, नाम और पहचान के कथित दुरुपयोग को रोकने तथा भ्रामक सामग्री हटाने की मांग की है। नागा चैतन्य ने कहा कि हम दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। हम अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। मुझे नहीं लगता कि मुझे और सफाई देने की जरूरत है। गौरतलब है कि नागा चैतन्य और सामंथा रुथ प्रभु ने वर्ष 2021 में अलग होने की घोषणा की थी। बाद में नागा चैतन्य ने दिसंबर 2024 में शोभिता धुलिपाला से विवाह किया, जबकि सामंथा ने दिसंबर 2025 में फिल्म निर्माता राज निदिमोरु से शादी कर ली।


