मेलबर्न में बिजनेस फोरम को संबोधित किया, आज 40 हजार भारतीय समुदाय के लोगों से करेंगे संवाद
मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान गुरुवार को मेलबर्न में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया बिजनेस फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के दौर में भारत और ऑस्ट्रेलिया का भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ आगे बढ़ना दोनों देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेल्फी भी ली। अपने तीन देशों के दौरे के तहत प्रधानमंत्री मोदी 6 से 11 जुलाई तक विदेश यात्रा पर हैं। ऑस्ट्रेलिया प्रवास के दौरान वह प्रधानमंत्री अल्बनीज से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और व्यापार समझौते सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में करीब 40 हजार भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे।
PM मोदी के संबोधन की 5 बड़ी बातें
1. भारत-ऑस्ट्रेलिया भरोसेमंद साझेदार
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय अनिश्चितता, सप्लाई चेन में व्यवधान और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का सहयोग वैश्विक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है।
2. क्लीन एनर्जी और न्यूक्लियर सेक्टर पर फोकस
उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और वर्ष 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। इसमें ऑस्ट्रेलिया की तकनीक और यूरेनियम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
3. निवेश के विशाल अवसर
प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारत में बंदरगाह, हवाई अड्डे, सड़क, रेलवे, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, एआई और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
4. साझेदारी का प्रस्ताव
उन्होंने दोनों देशों के राज्यों, विश्वविद्यालयों, उद्योगों और छोटे शहरों के बीच प्रत्यक्ष सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए ‘स्टेट-टू-स्टेट’ और ‘सेक्टर-टू-सेक्टर’ साझेदारी का सुझाव दिया।
5. व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई देने का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (ECTA) के बाद भारत का ऑस्ट्रेलिया को निर्यात दोगुना हुआ है। अब दोनों देश व्यापक व्यापार समझौते और निवेश सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आज भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में लगभग 40 हजार भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद 11 जुलाई को वह अपने दौरे के अगले चरण में न्यूजीलैंड रवाना होंगे।


