भोपाल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2027 और राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2027 की परीक्षा योजना और नया पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग ने परीक्षा के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए प्रारंभिक परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू कर दी है। अब प्रत्येक सही उत्तर पर 3 अंक मिलेंगे, जबकि हर गलत उत्तर पर 1 अंक काटा जाएगा। नए नियमों के तहत मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रारंभिक परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों में न्यूनतम अर्हता अंक प्राप्त करना भी अनिवार्य होगा।
आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा के मूल्यांकन के लिए 3R-W पद्धति लागू की है। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के लिए विज्ञापित पदों की कुल संख्या के मुकाबले 20 गुना अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। नए बदलावों से परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब प्रश्नों का उत्तर देते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।
प्रारंभिक परीक्षा में 300-300 अंकों के होंगे दो पेपर
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन और सामान्य अभिरुचि परीक्षण के दो प्रश्नपत्र होंगे। प्रत्येक प्रश्नपत्र 300 अंकों का होगा और इसमें 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। दोनों पेपर हल करने के लिए दो-दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प होंगे, जिनमें से एक सही उत्तर चुनना होगा।
दोनों प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होंगे। हालांकि, सामान्य अभिरुचि परीक्षण के हिंदी भाषा की बोधगम्यता से संबंधित प्रश्न केवल हिंदी में होंगे। इनका अंग्रेजी अनुवाद उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
दोनों प्रश्नपत्रों में न्यूनतम अंक अनिवार्य
मुख्य परीक्षा के लिए पात्रता हासिल करने के लिए अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों में न्यूनतम अर्हता अंक प्राप्त करना जरूरी होगा। अनारक्षित वर्ग और अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों के लिए प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रत्येक प्रश्नपत्र में कम से कम 30 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।
राज्य सेवा परीक्षा में सामान्य अभिरुचि परीक्षण का दूसरा प्रश्नपत्र केवल क्वालिफाइंग होगा। इसके अंक अंतिम मेरिट सूची में नहीं जुड़ेंगे। दूसरी ओर, राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट तैयार करते समय दोनों प्रश्नपत्रों के अंकों को शामिल किया जाएगा।
मुख्य परीक्षा 1500 और इंटरव्यू 185 अंकों का
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक पद्धति से आयोजित होगी। इसमें कुल छह अनिवार्य प्रश्नपत्र होंगे। सामान्य अध्ययन के चार प्रश्नपत्र 300-300 अंकों के होंगे। प्रत्येक पेपर के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा।
पांचवां प्रश्नपत्र सामान्य हिंदी एवं व्याकरण का 200 अंकों का होगा, जिसके लिए दो घंटे निर्धारित किए गए हैं। छठा प्रश्नपत्र हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन का 100 अंकों का होगा। इसे हल करने के लिए ढाई घंटे का समय दिया जाएगा। इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 1500 अंकों की होगी।
मुख्य परीक्षा के प्रत्येक प्रश्नपत्र में भी न्यूनतम अर्हता अंक हासिल करना जरूरी होगा। अनारक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम सीमा 40 प्रतिशत और आरक्षित श्रेणियों के लिए 30 प्रतिशत निर्धारित की गई है।
मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर विज्ञापित पदों की संख्या के मुकाबले श्रेणीवार तीन गुना अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार साक्षात्कार के लिए पात्रता मिलेगी। इंटरव्यू 185 अंकों का होगा। इस तरह अंतिम चयन मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के कुल 1685 अंकों के आधार पर किया जाएगा।
उत्तर कुंजी पर पांच दिन में कर सकेंगे आपत्ति
प्रारंभिक परीक्षा के बाद आयोग अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी करेगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नों और उनके उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए पांच दिन का समय दिया जाएगा। आपत्तियां केवल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। प्रत्येक प्रश्न पर निर्धारित शुल्क के साथ पोर्टल शुल्क भी देना होगा।
आयोग ने उत्तर कुंजी और भाषा संबंधी विवादों के निपटारे की व्यवस्था भी स्पष्ट की है। हिंदी और अंग्रेजी के प्रश्नों के अनुवाद में अंतर होने की स्थिति में हिंदी संस्करण को मान्य माना जाएगा। किसी प्रश्न के एक से अधिक विकल्प सही पाए जाने पर सभी सही विकल्पों को मान्यता दी जाएगी। वहीं, यदि किसी प्रश्न का कोई भी विकल्प सही नहीं पाया जाता है तो उस प्रश्न को निरस्त कर उसके पूरे अंक सभी अभ्यर्थियों को दिए जाएंगे।


