प्रथमेश पाटिल, नैतिक, केशव चेमटे और विवेक चौहान बने गोल्ड मेडलिस्ट
नई दिल्ली। अंडर-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन भारतीय लड़कों की फ्रीस्टाइल टीम ने चार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भारत ने इस दिन कुल आठ पदक अपने नाम किए और चैंपियनशिप में अब तक 21 पदक (8 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य) जीतकर पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
तीसरे दिन भारत ने जीते आठ पदक
भारतीय टीम ने सोमवार को सभी आठ भार वर्गों में पदक जीतकर अपनी ताकत दिखाई। प्रथमेश एस. पाटिल (52 किग्रा), नैतिक (62 किग्रा), केशव हर्षद चेमटे (75 किग्रा) और विवेक चौहान (85 किग्रा) ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा एक रजत और तीन कांस्य पदक भी भारत के खाते में आए।
गोल्ड मेडल मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन
52 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रथमेश एस. पाटिल ने जापान के दाइची मात्सुमी को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 10-0 से हराया। विवेक चौहान ने 85 किलोग्राम वर्ग में जापान के ताइसेई सुजुकी को 5-0 से मात देकर स्वर्ण पदक जीता।
62 किलोग्राम वर्ग में नैतिक ने उज्बेकिस्तान के इस्मोइलजोन नाजिरजोनोव को रोमांचक मुकाबले में 8-6 से हराया। वहीं, 75 किलोग्राम वर्ग में केशव हर्षद चेमटे ने कजाखस्तान के येरसुल्तान सुलेमान को 11-10 से हराकर गोल्ड अपने नाम किया।
नितेश को मिला रजत, तीन पहलवानों ने जीते कांस्य
57 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में नितेश को जापान के आइसेब घरेहदाघी के खिलाफ 2-10 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
वहीं, गौतम (41 किग्रा) ने हांगकांग के शू यान सुंग को 8-0 से हराकर कांस्य पदक जीता। वंश अहलावत (44 किग्रा) ने ताजिकिस्तान के योकुब दिलशोद दिलशोजोदा को 12-4 से हराया, जबकि अरमान (68 किग्रा) ने तुर्कमेनिस्तान के इदरीस मेलेजेयेव को 10-0 से मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारत के इस शानदार प्रदर्शन से अंडर-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में पदक तालिका में उसकी स्थिति और मजबूत हो गई है।
#Wrestling #AsianWrestling #U15Wrestling #TeamIndia #IndianWrestlers #GoldMedal #SportsNews #FreestyleWrestling #IndiaWins #AsianChampionship


