ग्लास्गो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत की स्टार महिला भारोत्तोलक बिंदियारानी देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 58 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने खेलों में अपना छठा पदक जीत लिया, जबकि इनमें से पांच पदक केवल भारोत्तोलन से आए हैं।
बिंदियारानी ने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 112 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम का भार उठाया और तीसरे स्थान पर रहीं। नाइजीरिया की रफियातु फोलाशेड लवाल ने कुल 229 किलोग्राम (103+126) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की आन सोफी तासचेरयू ने 215 किलोग्राम (94+121) के साथ रजत पदक हासिल किया।
बिंदियारानी का यह प्रदर्शन उनके लगातार शानदार फॉर्म का प्रमाण है। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में रजत पदक और 2025 राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप (अहमदाबाद) में भी रजत पदक जीता था।
स्नैच में दिखाया बेहतरीन दम
स्नैच स्पर्धा में बिंदियारानी ने तीनों प्रयास सफलतापूर्वक पूरे किए। उन्होंने पहले प्रयास में 83 किलोग्राम, दूसरे में 85 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 87 किलोग्राम वजन उठाकर अपनी लय और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया।
भारोत्तोलन में भारत के अब तक के पदक
- मीराबाई चानू – स्वर्ण (महिला 48 किग्रा)
- ऋषिकांता सिंह – रजत (पुरुष 60 किग्रा)
- मुथुपंडी राजा – रजत (पुरुष 65 किग्रा)
- ज्ञानेश्वरी यादव – रजत (महिला 53 किग्रा)
- बिंदियारानी देवी – कांस्य (महिला 58 किग्रा)
भारत के अब तक छह पदक
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत अब तक एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदक जीत चुका है। इनमें भारोत्तोलन से पांच पदक और पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार का एक कांस्य पदक शामिल है। भारतीय भारोत्तोलकों के शानदार प्रदर्शन ने शुरुआती चरण में ही पदक तालिका में भारत की स्थिति मजबूत कर दी है।


