मुंबई। फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है । इस फिल्म ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत इस फिल्म ने दुनियाभर में 1814 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़ दिया है।
24 दिन में 1814 करोड़ का कारोबार
5 नवंबर को रिलीज हुई ‘रामायण’ ने महज 24 दिनों में दुनिया भर में 1814 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 1015.20 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1212.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। विदेशी बाजारों से हुई कमाई को मिलाकर इसका वैश्विक कारोबार 1814 करोड़ रुपये के पार हो गया है।
पुष्पा 2 और बाहुबली 2 के रिकॉर्ड भी पीछे
कमाई के मामले में ‘रामायण’ ने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ के 1742 करोड़ रुपये और प्रभास की ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ के 1788 करोड़ रुपये के वैश्विक कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। इसके बाद फिल्म ने ‘धुरंधर 2’ के 1813.39 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
अब दंगल के रिकॉर्ड पर नजर
भारतीय फिल्मों की वैश्विक कमाई की सूची में अब ‘रामायण’ से आगे केवल आमिर खान की ‘दंगल’ है। दंगल ने दुनियाभर में 2070.30 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था। ऐसे में ‘रामायण’ के सामने अब भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी कमाई का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है।
आगामी रिलीज से पहले कमाई बढ़ाने का मौका
बॉक्स ऑफिस पर आने वाले दिनों में ‘रामायण’ को अपनी कमाई का आंकड़ा और बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। 4 दिसंबर को सलमान खान की ‘मातृभूमि’ और 24 दिसंबर को शाहरुख खान की ‘किंग’ रिलीज होने वाली है। इन फिल्मों की रिलीज से पहले ‘रामायण’ के पास सिनेमाघरों में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका रहेगा।
अब देखना होगा कि फिल्म आमिर खान की ‘दंगल’ का रिकॉर्ड तोड़कर भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी वैश्विक हिट बन पाती है या नहीं।


