भोपाल। गणेशोत्सव शुरू होने से पहले ही राजधानी भोपाल में उत्सव का माहौल बनने लगा है। शनिवार दोपहर से शहर के अलग-अलग इलाकों में मूर्तिकारों के यहां से गणेश प्रतिमाओं की रवानगी शुरू हो गई। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच बप्पा की प्रतिमाएं लेकर स्थापना स्थल की ओर रवाना हुए।
प्रतिमाओं की रवानगी के साथ ही शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। कई स्थानों पर गणेश उत्सव समितियां पंडाल, रोशनी और सजावट को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। अगले दो दिनों में बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं के घरों और पंडालों तक पहुंचने की संभावना है।
1000 से ज्यादा स्थानों पर होगी गणपति स्थापना
भोपाल में इस बार 1000 से ज्यादा स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारी की जा रही है। समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल, प्रवेश द्वार और अलग-अलग थीम पर सजावट की जा रही है। वहीं, घरों में भी गणपति स्थापना को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
परिवार के साथ प्रतिमा लेने पहुंच रहे श्रद्धालु
मूर्तिकारों के यहां दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। कई लोग परिवार के साथ तो कई गणेश उत्सव समितियों के सदस्य सामूहिक रूप से प्रतिमाएं लेने पहुंच रहे हैं। प्रतिमा को वाहन में विराजित करने के बाद भक्त ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए स्थापना स्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।
गणेश प्रतिमाओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी
गणेश प्रतिमाओं की कीमतों में इस बार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मूर्तिकारों के अनुसार मिट्टी, बांस, रंग-रोगन, सजावटी सामग्री और मजदूरी की लागत बढ़ने से बड़ी और विशेष डिजाइन वाली प्रतिमाएं पिछले साल की तुलना में करीब 2 हजार से 10 हजार रुपये तक महंगी हुई हैं।
14 सितंबर से शुरू होगा गणेशोत्सव
गणेश चतुर्थी के साथ 14 सितंबर से दस दिवसीय गणेशोत्सव शुरू होगा। इससे पहले प्रतिमाओं की रवानगी और पंडालों की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। बप्पा के शहर में पहुंचने के साथ ही भोपाल में गणेशोत्सव का रंग और गहरा होता जा रहा है।


