अगले 24 घंटे में भारी बारिश और लू दोनों का अलर्ट
भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना। देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश और भीषण गर्मी का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के कई क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन प्रभावित किया है। वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सहित कई राज्यों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य झुलस गए। देवास में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की बालकनी गिरने से दो महिलाओं की जान चली गई।
झारखंड में भी बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि छत्तीसगढ़ में दो लोगों की जान गई।
उत्तराखंड के चमोली जिले में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद बादल फटने जैसे हालात बन गए। भारी मलबा स्कूल, कई मकानों, एंबुलेंस और आठ बड़े वाहनों में घुस गया, जिससे व्यापक नुकसान हुआ। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के 22 राज्यों तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर सकता है। हालांकि उत्तर प्रदेश में मानसून इस बार सामान्य से करीब आठ दिन देरी से पहुंच रहा है। बताया जा रहा है कि मानसून पिछले कई दिनों से बिहार सीमा पर रुका हुआ है और अगले दो दिनों में प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
छह राज्यों में भीषण गर्मी का असर
बारिश के बीच कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप भी जारी है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
देश में सबसे अधिक तापमान हरियाणा के रोहतक में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 43.2 डिग्री, बांदा और आगरा में 43 डिग्री, राजस्थान के श्रीगंगानगर में 42.1 डिग्री, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 41.8 डिग्री और गुजरात के अहमदाबाद में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अगले 24 घंटे का मौसम अपडेट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में लगातार चौथे दिन हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।


