नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने 10 जून को लगातार तीसरे कार्यकाल में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मोदी ने 26 मई 2014 को पीएम पद की शपथ ली थी और अब उनका कार्यकाल 4399 दिन पूरे हो गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पास था, जिन्होंने 4398 दिन तक यह पद संभाला।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बुधवार दोपहर 3 बजे दिल्ली में NDA संसदीय दल की अहम बैठक होगी। भारत मंडपम में आयोजित इस बैठक में भाजपा और NDA शासित 22 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक में मोदी के रिकॉर्ड पर बधाई प्रस्ताव पारित किया जाएगा और ‘विकसित भारत-2047’ रोडमैप, केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, विकास परियोजनाओं और ‘ईज ऑफ लिविंग’ एवं ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी को अब तक 31 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। इनमें 2016 में सऊदी अरब का ‘ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअजीज’, नॉर्वे का ‘ग्रांड क्रॉस ऑफ रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ और संयुक्त राष्ट्र का ‘यूएन चैंपियन ऑफ द अर्थ’ पुरस्कार शामिल हैं। मोदी ने अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस सहित 15 देशों की संसदों को संबोधित किया है।


