अलीराजपुर/भोपाल। देवास जिले में थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी की ड्यूटी के दौरान मौत के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध शराब परिवहन से जुड़े मामले में आलीराजपुर जिले के बेहड़वा गांव से कैरम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उस पर अपनी स्विफ्ट कार से शराब से भरे आयशर वाहन की पायलटिंग करने का आरोप है।
वहीं, हरदा कलेक्टर ने शराब तस्करी के मामले में टिमरनी स्थित तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। ये दुकानें शराब ठेकेदार पाटेन्द्र जायसवाल की बताई गई हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मामले में आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल सहित दो आबकारी आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि देवास जिले में अवैध शराब के परिवहन को रोकने के दौरान टीआई दिलीप पुरी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने शराब तस्करी के नेटवर्क तथा उससे जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।


