भोपाल। NSUI Protest : भोपाल में आयोजित यूथ कॉन्क्लेव के दौरान छात्रों के साथ कथित पुलिस बर्बरता, मारपीट और बाल खींचने की घटना के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। NSUI कार्यकर्ताओं ने इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने आरोप लगाया कि सरकार राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की नकल करते हुए कार्यक्रम तो आयोजित कर रही है, लेकिन प्रदेश के छात्रों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। कई भर्तियां लंबित हैं, परीक्षाएं समय पर नहीं होतीं और परिणाम जारी होने में भी देरी होती है। ऐसे में सरकार को कार्यक्रमों के बजाय छात्रों की इन समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
चौकसे ने कहा कि जिस कार्यक्रम में छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए थी, वहीं छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार और बर्बरता के आरोप सामने आना गंभीर विषय है। सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि NSUI छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन में NSUI प्रदेश सचिव अमन पठान, जिला उपाध्यक्ष वंश कनौजिया, पीयूष पवार, अंकित पटेल, प्रणव सक्सेना, आदित्य राजपूत और तारीक खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।


