हरदा। दीपावली के उल्लास के बीच हरदा जिले की एक युवती ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। रहटाखुर्द गांव की आलिया खान को बस स्टैंड रोड पर 50 हजार रुपए मिले। उन्होंने बिना देर किए अपने भाई के साथ थाने पहुंचकर पूरी रकम पुलिस को सौंप दी। आलिया के इस कदम की पुलिस ने भी प्रशंसा की।
बीकॉम तक शिक्षित आलिया खरीदारी के लिए हरदा आई थीं। इसी दौरान उन्हें बस स्टैंड रोड पर सड़क पर रुपए पड़े मिले। इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद उनके मन में उसे अपने पास रखने का विचार नहीं आया। आलिया ने सोचा कि दीपावली के अवसर पर यह पैसा किसी जरूरतमंद व्यक्ति का हो सकता है। यदि रकम उसके असली मालिक तक नहीं पहुंची तो उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रकम मिलने के बाद आलिया बस स्टैंड पर काम कर रहे अपने भाई के पास पहुंचीं और उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों सीधे थाने पहुंचे और 50 हजार रुपए पुलिस के सुपुर्द कर दिए।
थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि आलिया खान ने थाने आकर मिली हुई रकम जमा कराई है। संबंधित व्यक्ति को सही दस्तावेज और पहचान प्रस्तुत करने पर रकम वापस कर दी जाएगी। पुलिस ने आलिया की ईमानदारी और जिम्मेदारी की भावना की सराहना की है।


