भोपाल। Dussehra Rain Forecast: दशहरे के उल्लास पर इस बार मौसम पानी फेर सकता है। मध्यप्रदेश में मंगलवार को रावण दहन के आयोजनों के बीच बारिश और तेज हवाओं की आशंका ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी भोपाल में बारिश से बचाने के लिए रावण के पुतलों को बरसाती से ढक दिया गया है। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित प्रदेश के 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा या इससे अधिक रह सकती है।
सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का बदला मिजाज देखने को मिला। सीहोर, टीकमगढ़ और पीथमपुर में तेज बारिश हुई, जबकि इंदौर सहित कई जिलों में रुक-रुककर पानी गिरता रहा। गुना में एक ही दिन में साढ़े चार इंच बारिश दर्ज की गई। ऐसे में दशहरे के आयोजनों पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
2022 जैसी स्थिति से बचने की तैयारी, पुतलों को ढका
भोपाल में रावण के पुतलों को बरसाती से ढकने की वजह वर्ष 2022 का अनुभव भी है। उस साल दशहरे के दिन हुई तेज बारिश से पुतले भीग गए थे। इसके कारण रावण दहन में परेशानी आई और पुतलों को जलाने के लिए केरोसिन-पेट्रोल तक का इस्तेमाल करना पड़ा था। प्रदेश के अन्य शहरों में भी बारिश ने आयोजनों को प्रभावित किया था। इस बार आयोजक पहले से सतर्क हैं। हालांकि, रावण दहन के आयोजन मौसम की स्थिति पर निर्भर करेंगे।
मध्यप्रदेश के इन 25 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, रायसेन, सागर, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश हो सकती है।
मौसम में बदलाव की वजह चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ को माना जा रहा है। इनके प्रभाव से 23 अक्टूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ आंधी चलने की भी आशंका है। दूसरी ओर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कई इलाकों में धूप निकल सकती है। इससे साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अलग-अलग बना रहेगा।
अक्टूबर में गर्मी, ठंडक और बारिश का मिला-जुला असर
अक्टूबर में मध्यप्रदेश में मौसम के तीन रंग दिखाई दे रहे हैं। दिन में कई शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है, जबकि रात में ठंडक बढ़ने लगी है। इसके साथ ही कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर भी जारी है।
बीती रात छिंदवाड़ा में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस, कटनी के करौंदी में 17.8 डिग्री, आलीराजपुर और गुना में 18 डिग्री, अमरकंटक में 18.4 डिग्री तथा नीमच के मरुखेड़ा में 18.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, खंडवा, उज्जैन, खरगोन, रतलाम, राजगढ़ और रायसेन में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञ अरुण शर्मा के अनुसार, पिछले दस वर्षों के आंकड़ों में अक्टूबर के दौरान बारिश, गर्मी और ठंडक का मिला-जुला असर देखने को मिलता है। इस बार भी प्रदेश में ऐसी ही मौसमी स्थिति बनी हुई है।


