भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने सोमवार को विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पदाधिकारियों की मौजूदगी ने पार्टी की एकजुटता का प्रदर्शन किया।
नामांकन के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल, सीईसी सदस्य ओमकार मरकाम, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और विधायक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि तीसरे राज्यसभा सांसद को निर्वाचित कराने के लिए भाजपा के पास आवश्यक संख्या बल नहीं है, इसके बावजूद तीसरा उम्मीदवार उतारकर वह खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और पार्टी लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस का उम्मीदवार विजयी होगा और जनता की आवाज को मजबूती से संसद तक पहुंचाएगा।
राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का वास्तविक चरित्र जनता के सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की है तथा अंततः संविधान की ही जीत होगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट होकर उनके साथ खड़े हैं।


