More
    Homeमध्यप्रदेशएमपी में अवैध पटाखों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लाख रुपये...

    एमपी में अवैध पटाखों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लाख रुपये की सामग्री जब्त

    Published on

    spot_img

    भोपाल। दीपावली के मद्देनजर मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिना लाइसेंस बिक्री के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाया है। पिछले 10 दिनों में की गई कार्रवाई के दौरान 45 लाख रुपये से अधिक मूल्य के पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने रिहायशी इलाकों में बनाए गए अवैध पटाखा गोदामों पर दबिश देने के साथ ही कार्बाइड गन और पोटाश जैसे असुरक्षित उपकरणों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

    पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने से अवैध भंडारण और असुरक्षित तरीके से बिक्री की आशंका बढ़ जाती है। इससे आगजनी और विस्फोट जैसी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए प्रदेशभर में दुकानों, गोदामों और संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है।

    सागर में सबसे बड़ी कार्रवाई, करीब 30 लाख के पटाखे जब्त

    सागर: जिले में पुलिस ने 100 से अधिक स्थानों पर एक साथ जांच अभियान चलाकर 10 प्रकरणों में करीब 3.69 लाख रुपये के पटाखे जब्त किए। मोतीनगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लगभग 19 लाख रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए। बीना के गांधी वार्ड में 1.51 लाख रुपये और शाहगढ़ में दो स्थानों से करीब 5 लाख रुपये के पटाखे जब्त किए गए। इस तरह सागर जिले में कुल लगभग 29.71 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए गए।

    छतरपुर में अवैध गोदाम पर छापा

    छतरपुर: नौगांव थाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का परिवहन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर 13 कार्टून पटाखे और तीन पहिया टैक्सी जब्त की। जब्त संपत्ति की कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई गई है।

    वहीं, कोतवाली पुलिस ने बायपास रोड के पास रिहायशी क्षेत्र में संचालित अवैध पटाखा गोदाम पर दबिश देकर 91 कार्टून और 10 बोरियों में रखे पटाखे जब्त किए। इस कार्रवाई में करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। जिले में कुल जब्ती लगभग 6.70 लाख रुपये की रही।

    मुरैना में पटाखा निर्माण सामग्री भी जब्त

    मुरैना: कैलारस और जौरा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की। इसकी कीमत करीब 2.45 लाख रुपये है। कैलारस में एक अन्य कार्रवाई में 24 हजार रुपये से अधिक, अंबाह में 15 हजार रुपये से अधिक और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 35 हजार रुपये से अधिक मूल्य के पटाखे एवं निर्माण सामग्री जब्त की गई। जिले में कुल जब्ती 3.19 लाख रुपये से अधिक की बताई गई है।

    इंदौर और दतिया में भी कार्रवाई

    इंदौर: राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने आनंद विहार कॉलोनी में बिना वैध लाइसेंस रखे गए 197 कार्टून पटाखे जब्त किए। इनकी कीमत लगभग 2.62 लाख रुपये है।

    दतिया: इंदरगढ़ थाना पुलिस ने पटाखों से आग लगने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो मकानों से करीब 60 किलोग्राम बारूद, अवैध पटाखे और निर्माण सामग्री जब्त की। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।

    इसी थाना क्षेत्र में दतिया रोड पर स्टेट बैंक के पीछे स्थित एक मकान से लगभग 40 हजार रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए गए। इसके अलावा दो स्थानों पर कार्रवाई कर करीब 60 हजार रुपये के पटाखे और एक बलेनो कार जब्त की गई। इन कार्रवाइयों में कुल लगभग 2.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

    ग्वालियर में कार्बाइड गन और पोटाश बरामद

    ग्वालियर: मुरार थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बिना लाइसेंस संचालित दुकान से 62,900 रुपये के पटाखे जब्त कर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। मोहना थाना पुलिस ने घर में अवैध पटाखे रखने के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर 8,200 रुपये के पटाखे जब्त किए।

    इसके अतिरिक्त सिरोल स्थित एक कारखाने से 58 कार्बाइड गन और पोटाश के पांच पैकेट बरामद किए गए। जिले में पुलिस ने कुल 71,200 रुपये की संपत्ति जब्त की।

    उज्जैन और श्योपुर में भी कार्रवाई

    उज्जैन: बड़नगर के मुख्य बाजार में असुरक्षित तरीके से रखे गए 14 पैकेट पटाखे जब्त किए गए। इनकी कीमत करीब 5 हजार रुपये है। संबंधित आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत मामला दर्ज किया गया।

    श्योपुर: पुलिस ने अवैध रूप से कार्बाइड गन बेचने वाले आरोपी को पकड़कर 74 कार्बाइड गन जब्त कीं।

    पुलिस की नागरिकों से अपील

    मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से पटाखों का भंडारण और बिक्री केवल वैध अनुमति तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार करने की अपील की है। पुलिस ने रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से पटाखे जमा नहीं करने और पोटाश व कार्बाइड गन जैसे असुरक्षित उपकरणों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है।

    पुलिस के मुताबिक, अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर नागरिक इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

     

    Latest articles

    खरगे के बयान पर भोपाल में बवाल, भाजपा ने घेरा कांग्रेस कार्यालय; पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

    भोपाल। Bhopal BJP Protest : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के...

    एमपी राज्यसभा उपचुनाव: पहले दिन खाली रहे हाथ, 2 नवंबर तक नामांकन; 12 को मतदान

    भोपाल MP Rajya Sabha Bypoll: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त सीट पर उपचुनाव...

    धार में दर्दनाक हादसा: टायर फटने के बाद कार में लगी आग, चार युवक जिंदा जले 

    धार। धार जिले में महू-नीमच फोरलेन पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सादलपुर...

    More like this

    खरगे के बयान पर भोपाल में बवाल, भाजपा ने घेरा कांग्रेस कार्यालय; पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

    भोपाल। Bhopal BJP Protest : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के...

    एमपी राज्यसभा उपचुनाव: पहले दिन खाली रहे हाथ, 2 नवंबर तक नामांकन; 12 को मतदान

    भोपाल MP Rajya Sabha Bypoll: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रिक्त सीट पर उपचुनाव...