भोपाल। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों के बीच मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ (Safe Click 2.0) अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान का शुभारंभ 24 जून 2026 को भोपाल के रविन्द्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा भी मौजूद रहेंगे।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा और बाल संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत बनाने के लिए इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों में साइबर जागरूकता गतिविधियों के लिए तैयार की गई विशेष साइबर सुरक्षा बुकलेट का विमोचन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का विशेष जागरूकता वीडियो भी लॉन्च किया जाएगा, जिसमें साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश शामिल होंगे। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विषय पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया जाएगा, जो आम नागरिकों को सरल और प्रभावी तरीके से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करेगा।
अभियान के तहत तैयार किए गए साइबर जागरूकता रथ को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह रथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में भ्रमण कर लोगों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी और जागरूकता संदेश पहुंचाएगा।
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर दें और सुरक्षित डिजिटल भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


